विकासनगर। थाना क्षेत्र के अंतर्गत उस्मानपुर छरबा निवासी एक ग्रामीण ने सहसपुर गांव में प्रधान पद का चुनाव लड़ रहे एक प्रत्याशी और उसके दो साथियों पर बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। ग्रामीण ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
उस्मानपुर छरबा निवासी मोहम्मद तहीर पुत्र मो. इशहाक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने दोस्त मासूम अली निवासी ढाकी के साथ उसके गांव में बातचीत कर रहा था। तभी सहसपुर ग्राम पंचायत में प्रधान का चुनाव लड़ रहा एक प्रत्याशी, उसका कार चालक और एक अन्य व्यक्ति मौके पर पहुंचे। जहां उसे और उसके साथी को कार में जबरन बैठाकर बैरागीवाला के समीप ले गये। उसके साथ तीनों ने गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देकर एकाएक हमला कर दिया। जिसमें उसकी बुरी तरह से पिटाई कर बेहोशी की हालत में फेंक दिया। तीनों उसके साथ मासूम अली को बंधक बनाकर अपने साथ कहीं ले गये। जहां मासूम अली की कनपट्टी पर पिस्तौल रखकर आरोपियों ने उससे कई कागजातों पर हस्ताक्षर करवाये। मोहम्मद तहीर ने तहरीर में बताया कि विकासनगर के किसी व्यक्ति ने उसे सीएचसी विकासनगर में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे दून अस्पताल में भर्ती कराया। जहां अब भी उसका उपचार चल रहा है। उपचार के चलते वह तुरंत तहरीर नहीं दे पाया। मोहम्मद तहीर ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस सबंध में एसओ सहसपुर पीडी भट्ट का कहना है कि दोनों पक्षों में लेनदेन का पुराना मामला है। मामले की जांच की जा रही है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *