घायल अवस्था में ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना, वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर आप्रवास अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में बिना वैध दस्तावेजों के घूम रहे एक यूक्रेनी नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला कपकोट क्षेत्र का है, जहां पिंडारी ग्लेशियर ट्रेकिंग के दौरान रास्ता भटकने के बाद विदेशी नागरिक संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। उसके पास न तो पासपोर्ट मिला और न ही कोई वैध वीजा दस्तावेज। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार विदेशी नागरिक की पहचान 36 वर्षीय मक्सिम स्टार चिंको के रूप में हुई है, जो यूक्रेन के खार्किव क्षेत्र के नोवोबावर्स्की का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वह पिंडारी ग्लेशियर ट्रेकिंग के लिए बागेश्वर पहुंचा था, लेकिन जंगल में रास्ता भटक गया और डौला गांव की ओर निकल आया। बताया गया कि वह पैदल ऋषिकेश की ओर जाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पहाड़ी रास्तों में गिरने से उसके हाथ-पैर और शरीर पर गंभीर चोटें आ गईं। 24 मई को डौला गांव के ग्रामीणों ने उसे घायल हालत में देखा और इसकी सूचना कपकोट पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विदेशी नागरिक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस पूछताछ के दौरान जब उससे पासपोर्ट, वीजा और अन्य दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद कपकोट पुलिस ने उसके खिलाफ आप्रवास और विदेशियों विषयक अधिनियम 2025 की धारा 3/23 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि मामले की जांच वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोहर चंद्र द्वारा की जा रही है। वहीं, घटना के बाद स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) भी सक्रिय हो गई है। जांच इस बात की भी की जा रही है कि विदेशी नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के उत्तराखंड तक कैसे पहुंचा और कहीं सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक तो नहीं हुई। Post navigation हरिद्वार में दो बाघों के शिकार पर बड़ी कार्रवाई: रेंजर समेत तीन वनकर्मी निलंबित, NTCA जांच की संभावना गैरसैंण में जंगल की आग बनी काल: गोशाला बचाने के प्रयास में महिला की दर्दनाक मौत