देहरादून। जनसामान्य की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचक सत्यापन कार्यक्रम (ईवीपी) को 18 नवम्बर तक बढ़ा दिया गया है। ज्ञातव्य हो कि निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाये रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिनांक 01 सितम्बर, 2019 से 15 अक्टूबर, 2019 तक निर्वाचक सत्यापन कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिसे अब दिनांक 18 नवम्बर, 2019 तक विस्तारित करते हुए संशोधन कार्यक्रम जारी किया गया है।
यह जानकारी देते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने बताया कि निर्वाचक सत्यापन कार्यक्रम को अब 18 नवम्बर तक विस्तारित कर दिया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन नामावली के ड्राफ्ट का प्रकाशन 25 नवम्बर, 2019 को किया जायेगा। इसके लिए आपत्तियां 25 नवम्बर, 2019 से 24 दिसम्बर, 2019 तक दर्ज करायी जा सकेंगी। आपत्तियों का निस्तारण 10 जनवरी, 2020 से किया जायेगा। उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावली का अन्तिम प्रकाशन 20 जनवरी, 2020 को किया जायेगा। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में बी.एल.ओ. एप कार्य नहीं कर रहा है, उन क्षेत्रों में घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य करते हुए निर्धारित प्रारूपों पर सूचना एकत्र की जाएगी। घर-घर सत्यापन के दौरान बी.एल.ओ. द्वारा परिवार के सभी सदस्यों का सत्यापन किया जाएगा। उनके द्वारा सत्यापन हेतु नियत अभिलेखों का भौतिक रूप देखकर ही सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के लिए परिवार के मुखिया का अभिलेख ही परिवार के अन्य सदस्यों के लिए पर्याप्त होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने सभी मतदाताओं से अनुरोध करते हुए कहा कि जिन मतदाताओं के द्वारा अभी तक अपना मतदाता सत्यापन नहीं किया गया है, वह उपरोक्त अवधि में पूर्व की भाँति दअेच.पद पोर्टल पर अथवा या अपने नजदीकी सी.एस.सी. के माध्यम से अपना तथा अपने परिवार के सदस्यों का स्वयं सत्यापन करने का कष्ट करें और सम्बन्धित बी.एल.ओ. को सहयोग प्रदान करने का कष्ट करें।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *