दर्शनलाल चौक पर हुआ विशाल धरना-प्रदर्शन, 15 जून से प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड में तेजी से बदलती डेमोग्राफी, कथित लैंड जिहाद, लव जिहाद और धर्मांतरण के मामलों के विरोध में रविवार को बजरंग दल द्वारा देहरादून के दर्शनलाल चौक पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लेते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की।

“देवभूमि की पहचान पर खतरा” : अनुज वालिया

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे क्षेत्र संयोजक अनुज वालिया ने कहा कि विगत कुछ वर्षों में विशेष रूप से पछवादून क्षेत्र में भूमाफियाओं द्वारा सरकारी जमीनों पर बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन कब्जों के माध्यम से बाहरी लोगों, विशेषकर बांग्लादेशी और विशेष समुदाय के लोगों को बसाया जा रहा है, जिससे देवभूमि उत्तराखंड की जनसांख्यिकीय संरचना तेजी से बदल रही है।

उन्होंने कहा कि देहरादून में बढ़ते अपराधों के पीछे भी ऐसे तत्वों की भूमिका सामने आ रही है। अनुज वालिया ने आरोप लगाया कि बजरंग दल द्वारा तीन माह पूर्व जिला प्रशासन को लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

“लव जिहाद और धर्मांतरण बर्दाश्त नहीं”

अनुज वालिया ने कहा कि बजरंग दल देवभूमि में कथित लैंड जिहाद और धर्मांतरण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में नाम और पहचान बदलकर युवतियों को निशाना बनाने तथा धर्मांतरण कराने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन ने शीघ्र कठोर कदम नहीं उठाए तो 15 जून 2026 से पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा। साथ ही जिला अधिकारी कार्यालयों के समक्ष अनशन भी किया जाएगा।

देवभूमि का इस्लामीकरण नहीं होने देंगे” : आशु जोशी

धरना-प्रदर्शन की योजना सह विभाग संगठन मंत्री अक्षत राणाकोटी द्वारा तैयार की गई। इस दौरान विभाग संयोजक आशु जोशी ने कहा कि जब तक बजरंग दल का एक भी कार्यकर्ता जीवित है, तब तक देवभूमि का इस्लामीकरण नहीं होने दिया जाएगा।

वहीं विभाग मंत्री आलोक सिन्हा ने कहा कि सरकार को प्रदेश में बढ़ते इस संकट की पूरी जानकारी है, लेकिन इसके बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

धरना-प्रदर्शन में देहरादून और विकासनगर क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रमुख रूप से प्रांत उपाध्यक्ष सुभाष जोशी, प्रांत साप्ताहिक मिलन प्रमुख विकास वर्मा, जिला अध्यक्ष डॉ. माधव मैठाणी, अनिल मेसोन, कुलदीप सैनी, जिला मंत्री श्याम शर्मा, विशाल चौधरी, रमेश डोंडियाल, रवींद्र पाल, जिला संयोजक शेखर बंसल तथा कमल बिजलवन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed