उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के पुरोला विकासखंड पुरोला के रामा एवं बेस्टी गांव के पास दो अलग-अलग घटनाओं में गुलदार ने हमला कर दो युवकों को घायल कर दिया। गंभीर हालत को देखते हुए एक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार सुबह करीब दस बजे रामा गांव निवासी लोकेश बिष्ट (28) पुत्र मोहन सिंह गांव के पास पंताल तोक में अपने खेत में हल लगा रहा था। इतने में गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर गुलदार भाग गया। कुछ ही देर बाद इस गुलदार ने पास के बेस्टी गांव में गाय चराने जंगल में गए अरविंद (21) पुत्र शूरवीर लाल पर हमला कर उसे घायल कर दिया। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरोला पहुंचाया गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. पंकज ने बताया कि अरविंद को हल्की चोटें आयी हैं। उसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। जबकि लोकेश को गंभीर चोटें आने की वजह से हायर सेंटर रेफर किया गया है। टौंस वन प्रभाग के एसडीओ रविंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि क्षेत्र में गुलदार के हमले की शिकायत मिलते ही घटना स्थल पर वन विभाग की टीम को भेजा गया है। गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जा रहा है। आपसी संघर्ष में गुलदार की मौत पौड़ी। पौड़ी गढ़वाल वन प्रभाग के नागदेव रेंज में आपसी संघर्ष में एक गुलदार की मौत हो गई है। वन विभाग ने सरपंच की सूचना में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा लिया है। वन विभाग के नागदेव रेंज में ल्वाली क्षेत्र ल्वाली-कालेश्वर रोड के समीप जोगड़ी गाड के किनारे एक मादा गुलदार का शव मिला। ग्राम पंचायत गहड़ की सरपंच राजेश्वरी देवी ने गुलदार के शव की सूचना वन विभाग को दी। विभाग ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लिया। मुख्यालय नागदेव रेंज में डाक्टरों की एक टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। वन क्षेत्राधिकारी नागदेव रेंज अनिल भट्ट ने बताया कि गुलदार के आपसी संघर्ष में एक सवा साल का गुलदार मृत मिला है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर लिया गया है। Post navigation दिल्ली में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल में भूकंप की 4.6 की तीव्रता आंकी गई गुलदार ने बच्चे को बनाया निवाला, क्षेत्र में दहशत