देहरादून। राज्य आंदोलनकारी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जेपी पांडे की सड़क हादसे में मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार वह किसी शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बीती रात जटवाड़ा पुल के पास सड़क दुर्घटना हुई। जिसमें उनकी मौत हुई। उनकी मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गय है। वहीं कांग्रेस पार्टी भी शोकाकुल है। राजनीतिक जानकारों ने उनकी मौत को बड़ी राजनीतिक क्षति बताया है। जेपी पांडे चिन्हित राज्य आंदोलनकारी समिति के अध्यक्ष भी थे।कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य आंदोलन की हरिद्वार में मजबूत आवाज रहे जेपी पांडे बेहद जुझारू प्रवृत्ति के नेता थे। हरिद्वार को उत्तराखंड में मिलाने की मांग को लेकर उन्होंने हरिद्वार में सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर कई साल तक अनवरत धरने का संचालन किया।
राज्य गठन के बाद उन्होंने आंदोलनकारियों को चिन्हित आंदोलनकारी बनाने की लड़ाई बड़ी गंभीरता से लड़ी जो अभी भी जारी थी, हर रोज वह किसी न किसी मुद्दे को लेकर कभी जिलाधिकारी आवास तो कभी सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करते रहते थे।
जेपी पांडे उत्तराखंड राज्य बनाने के लिए गठित की गई संयुक्त संघर्ष समिति के प्रवक्ता भी रहे। राज्य गठन के बाद वह कांग्रेस में शामिल हो गए। इससे पहले वह उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के सक्रिय नेता थे और जिला महामंत्री रहे थे। लेकिन बाद में यूकेडी के नेताओं से मतभेद होने के बाद उन्होंने अपना अलग से उत्तराखंड क्रांति मंच के नाम से संगठन बनाया।वह अभी भी उत्तराखंड क्रांति मंच के केंद्रीय अध्यक्ष थे। जेपी पांडे को सबसे ज्यादा संगठन बनाने वाले नेता के रूप में भी हरिद्वार में जाना जाता है। दो दिन पहले ही उन्होंने 09 नवंबर को दीपावली के रूप में राज्य स्थापना दिवस मनाया था और उससे एक दिन पहले विभिन्न मांगों को लेकर नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय पर धरना दिया था।
टिहरी जनपद के रहने वाले जेपी पांडे हरिद्वार में भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के कर्मचारी थे। जहां से करीब पांच साल पहले वह सेवानिवृत्त हुए थे और इस समय शिवलोक कॉलोनी में रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और दो बेटी हैं। सभी बच्चे विवाहित हैं और सेटल हैं। हर महीने जेपी पांडे प्रदेश के किसी न किसी जनपद में जाकर कार्यक्रम करते रहते थे।पिछले दिनों उन्हें देहरादून में एक धरना प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार भी कर लिया गया था। हरिद्वार में चंडी घाट के आसपास स्थित झुग्गी बस्तियों के लोगों की लड़ाई भी जेपी पांडे अक्सर लड़ा करते थे। वहां उनके नाम पर एक बस्ती भी बसी हुई है। अपनी जुझारू प्रवृत्ति के कारण पिछले दिनों गढ़वाल में उन्हें फील्ड मार्शल की उपाधि से भी नवाजा गया था।
सदैव हंसमुख स्वभाव के जेपी पांडे के निधन से उत्तराखंड की एक मजबूत आवाज शांत हो गई है। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत तथा राज्य आंदोलन सम्मान परिषद के पूर्व अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप का बेहद करीबी माना जाता था। लेकिन जितना संघर्ष उन्होंने राजनीतिक और सामाजिक मंचों से किया, नेताओं ने उन्हें उसका कोई प्रतिफल नहीं दिया। जेपी पांडे हरिद्वार ग्रामीण सीट से राज्य गठन के बाद से ही चुनाव लड़ने के इच्छुक थे। वह हर बार टिकट भी मांगते थे, लेकिन राज्य में उनके करीबी नेता जब भी सत्ता में आए तो उन्हें न तो टिकट मिला और न ही सरकारी स्तर पर कोई सम्मानजनक पद मिला। इसकी टीस पांडे के समर्थकों को हमेशा रही।

राज्य आंदोलनकारी जेपी पांडे के निधन पर शोक व्यक्त किया

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने अग्रिम पंक्ति के राज्य निर्माण आन्दोलनकारी एवं कांगे्रस के वरिष्ठ नेता जे0पी0 पाण्डेय के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिह ने अपने शोक संदेश में जे0पी0 पाण्डेय ने राज्य निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दिया उनके निधन से कांग्रेस पार्टी को अपूर्णीय क्षति हुई है।
शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए उन्हांेने कहा कि पूरा कांग्रेस परिवार इस दुःख की घडी में उनके साथ है, हम सभी कांग्रेसजनों की प्रार्थना है कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांन्ति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति देवें। जे0पी0 पाण्डेय के निधन पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना, महामंत्री संगठन विजय सारस्वत, डाॅ0 संजय पालीवाल, मुख्य कार्यक्रम समन्वयक राजेन्द्र शाह, धीरेन्द्र प्रताप, महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता लखपत बुटोला, डाॅ0 आर.पी. रतूड़ी, गरिमा दसौनी, प्रदेश सचिव राजेश पाण्डे, भरत शर्मा, जिलाध्यक्ष संजय किशोर, पीसीसी सदस्य राजेष चमोली, गिरीश पुनेड़ा, नवीन पयाल, संदीप चमोली, महेश जोशी, देवेन्द्र सती, लाखीराम बिजलवाण, अश्वनी बहुगुणा, मोहन खत्री, सावित्री थापा, राजीव केष्टवाल आदि कांग्रेसजनों ने भी शोक प्रकट किया है।

 

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed