देहरादून। उत्तराखंड में जमकर हुई बर्फबारी एवं बारिश से ठंड फिर से लौट कर आ रही है। मौसम विभाग ने अगले भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना जताई है। चमोली जिले में एक बार फिर से मौसम ने करवट बदला है। दोपहर बाद निचले इलाकों में वर्षा व बदरीनाथ, हेमकुंड ,औली , गौरसों सहित ऊंची चोटियों में बर्फबारी से ठंड बढ़ी है। बदरीनाथ हाईवे हनुमान चट्टी से आगे बर्फबारी के चलते अवरुद्ध है। उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों खासकर राजधानी देहरादून के इलाके में जमकर बारिश हुई। शुक्रवार की रात से बारिश शुरू हुई तथा सुबह तक बारिश होती रही दोपहर में कहीं धूप तो कहीं बादल छाए रहे शाम होते-होते फिर जमकर बारिश हुई।

शुक्रवार की सुबह से ही आसमान में बादलों के बीच हल्की धूप खिली रही। दोपहर बाद निचले इलाकों में वर्षा व हेमकुंड साहिब, श्री बदरीनाथ धाम, औली सहित ऊंची चोटियों में बर्फबारी से ठंड बढी है। औली में आए दिन हो रही बर्फबारी के साथ ही पर्यटक बर्फ का आनंद लेने के लिए पर्यटकों की आमद बनी हुई है। वहीं पर्यटकों की आमद से पर्यटक कारोबारियों में भी खासा उत्साह बना है। बर्फबारी के चलते औली जोशीमठ मोटर मार्ग भी फिसलन भरा हुआ है। औली में आए दिन हो रही बर्फबारी के चलते विंटर गेम्स के आयोजन की भी उम्मीद जगी हुई है।

शुक्रवार दोपहर से ही गंगोत्री धाम, मुखबा सहित हर्षिल घाटी में बर्फबारी शुरू हो गई थी। मुखबा गांव में जमकर बर्फबारी हो रही है। जबकि कुछ दिन पहले ही यहां बर्फबारी हुई थी। मुखबा गांव में ही मां गंगा का शीतकालीन प्रवास है। यहीं इन दिनों मां गंगा की पूजा होती है। ऐसे में तीर्थ पुरोहित बर्फबारी में मां गंगा की पूजा कर रहे हैं। इन दिनों की बर्फबारी किसानों और काश्तकारों के लिए राहत की खबर लेकर आई है।
इस क्षेत्र में सेब और राजमा का जमकर उत्पादन होता है। मौसम विभाग ने तीन मार्च तक बारिश व बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश भर के कई पहाड़ी इलाकों में आज रात से मौसम बदलने का अलर्ट जारी हुआ है। उत्तराखंड के कई इलाकों से आज दोपहर बाद से बर्फबारी की सूचना है। यमुनोत्री धाम सहित आस-पास के इलाकों में दोपहर बाद बारिश शुरू हो गई। बाद में बर्फ भी गिरी। मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं भारी बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही हर्षिल सहित मां गंगा के शीतकालीन धाम मुखबा में बर्फबारी शुरू हो गई। अभी तक यहां छह इंच से ज्यादा बर्फ जम चुकी है।