देहरादून। पांवटा साहिब सीमा क्षेत्र में शुक्रवार को स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में रही। प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने उत्तराखंड की प्रवेश सीमा पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। सीमा क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। आने-जाने वाले वाहनों की नियमित जांच और निगरानी की जा रही है। प्रशासन की ओर से निहंग प्रतिनिधियों के साथ गुरुद्वारा पांवटा साहिब में संवाद भी किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है और प्रशासन प्रत्येक गतिविधि पर सतत नजर बनाए हुए है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि सीमा क्षेत्र और अन्य संभावित प्रवेश मार्गों पर पुलिस बल की प्रभावी तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने के प्रयासों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी या अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करें। साथ ही क्षेत्र में शांति, सौहार्द और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है। Post navigation उत्तराखंड की मछलियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में बनाई पहचान, नेपाल को पहली बार हुआ निर्यात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मिला प्रजापति समाज का प्रतिनिधिमंडल