देहरादून: राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र स्थित बिधौली के जंगल में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने एक युवती के साथ एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में देखा। पहचान होने पर पता चला कि युवक वही व्यक्ति है, जिसके खिलाफ पहले नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने, दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि युवक की पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

पहले भी दर्ज हो चुका है गंभीर आपराधिक मुकदमा

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, टिहरी गढ़वाल निवासी एक व्यक्ति ने 29 अप्रैल 2025 को प्रेमनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने सहारनपुर निवासी मोहम्मद चांद को गिरफ्तार कर युवती को बरामद किया था। जांच और पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया था।

न्यायालय में विचाराधीन है मामला

पुलिस इस मामले में आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल कर चुकी है और मुकदमा वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। इसी दौरान आरोपी को जमानत मिल गई थी। बताया जा रहा है कि जमानत पर बाहर आने के बाद भी वह युवती के संपर्क में था और उससे मिलने का प्रयास करता रहा।

कई दिनों से जंगल में बुला रहा था आरोपी

स्थानीय निवासियों का दावा है कि आरोपी पिछले कई दिनों से युवती को बिधौली के जंगल क्षेत्र में मिलने के लिए बुला रहा था। इस गतिविधि की जानकारी मिलने पर कुछ लोगों ने उस पर नजर रखनी शुरू कर दी थी।

शनिवार को जब आरोपी युवती के साथ जंगल में पहुंचा तो स्थानीय लोगों ने उसे पहचान लिया और मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

हॉस्टल में हुई थी दोनों की पहचान

जानकारी के अनुसार, युवती के पिता जिस हॉस्टल में कार्यरत हैं, उसी परिसर में आरोपी भी पहले काम करता था। इसी दौरान दोनों की पहचान हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया था कि इसी जान-पहचान के दौरान आरोपी युवती के संपर्क में आया।

बताया जा रहा है कि वर्तमान में आरोपी बिधौली क्षेत्र में रंगाई-पुताई का कार्य कर रहा है। मुकदमा न्यायालय में लंबित होने के बावजूद उसके युवती से लगातार संपर्क में रहने की बात सामने आ रही है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

प्रेमनगर पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। चूंकि मूल प्रकरण पहले से न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *