हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर दौड़ती टाटा जेस्ट में अचानक लगी आग, चालक की सूझबूझ और पुलिस-फायर टीम की फुर्ती से बची जान

हरिद्वार। हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब तेज रफ्तार से दौड़ रही टाटा जेस्ट कार अचानक आग का गोला बन गई। घटना श्यामपुर थाना क्षेत्र के रसियाबड़ के पास हुई, जहां कार के बोनट से अचानक धुआं उठने लगा।

धुआं देखते ही चालक ने बिना घबराए तुरंत कार को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोक दिया और बाहर निकल आया। चालक के बाहर निकलते ही कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे पर यातायात को नियंत्रित कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस के मुताबिक इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

चालक की सतर्कता और पुलिस व फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *