मसूरी/देहरादून। उत्तराखंड के पर्यटन नगर मसूरी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मसूरी-कोलूखेत झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक मारुति सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस के अनुसार सुबह 9:16 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि झड़ीपानी रोड क्षेत्र में एक कार गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची। खाई अत्यधिक गहरी और दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

ब्रेक फेल होने की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सफेद रंग की मारुति सिलेरियो (DL5CS-4610) सड़क की तीव्र ढलान पर खड़ी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार कार सवार पास की एक दुकान से सामान खरीदकर लौटे थे। जैसे ही वे वाहन में बैठे, कार अचानक तेज गति से ढलान की ओर बढ़ने लगी और नियंत्रण खोते हुए सड़क किनारे खाली प्लॉट से होकर गहरी खाई में जा गिरी।

पुलिस का मानना है कि वाहन के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है—

  • सत्य प्रकाश, निवासी सोनीपत (हरियाणा)
  • मनीत (19 वर्ष)
  • सविता (48 वर्ष), पत्नी धर्मवीर, निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद
  • संगीता (46 वर्ष), पत्नी टीटू, निवासी करोल बाग, नई दिल्ली

पुलिस ने बताया कि चारों लोगों की मृत्यु हो चुकी है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना स्थल पर पहुंची एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने रस्सियों एवं विशेष उपकरणों की मदद से खाई में उतरकर बचाव अभियान चलाया। घनी झाड़ियों और खतरनाक ढलान के कारण शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और वाहन की तकनीकी स्थिति की भी पड़ताल की जाएगी।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *