चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले से गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। देवाल-घेस मोटर मार्ग पर कुनार बैंड के पास एक कमर्शियल बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बोलेरो

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन देवाल से घेस की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन कुनार बैंड के पास पहुंचा, चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिरते हुए नदी किनारे जा पहुंची।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

खाई में चलाया गया रेस्क्यू अभियान

दुर्घटनास्थल बेहद दुर्गम होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर सभी घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया गया।

डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार घायलों का उपचार जारी है।

जिलाधिकारी ने दी जानकारी

चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में आठ से दस लोग सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चार लोगों की मौत हुई है और अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की सूची

  • जानकी देवी (28 वर्ष), पत्नी दान सिंह, निवासी खेता
  • अर्जुन सिंह (60 वर्ष), पुत्र मान सिंह, निवासी घेस
  • आलम सिंह (54 वर्ष), पुत्र दीवान सिंह, निवासी घेस
  • दीपू (7 वर्ष), पुत्र चंदन सिंह, निवासी खेता

घायलों की सूची

  • हरेंद्र सिंह (38 वर्ष), पुत्र पुष्कर सिंह, निवासी घेस (गंभीर)
  • उमा देवी (28 वर्ष), पत्नी चंदन सिंह, निवासी खेता
  • खड़क सिंह (38 वर्ष), पुत्र मदन सिंह, निवासी खेता
  • हर्षिता (डेढ़ वर्ष), पुत्री चंदन सिंह, निवासी खेता

पुलिस ने शुरू की जांच

थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने से हादसा होने की बात सामने आ रही है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *