रुद्रपुर/गदरपुर। उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में धर्म परिवर्तन से जुड़े एक मामले में प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। चकरपुर निवासी एक युवती ने प्रशासन से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि विवाह के लिए उस पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया गया था। साथ ही, विवाह के बाद उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर भी धर्म परिवर्तन का दबाव डाला गया।

शिकायत की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया द्वारा गठित जांच समिति के सदस्य एडीएम वित्त एवं राजस्व कौस्तुभ मिश्रा तथा एसडीएम गदरपुर ऋचा सिंह मंगलवार को चकरपुर पहुंचे। अधिकारियों ने युवती और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवती ने करीब दो वर्ष पूर्व रोहित नामक युवक से विवाह किया था। युवती के अनुसार, विवाह से पहले उसने बपतिस्मा की प्रक्रिया के माध्यम से ईसाई धर्म अपनाया था। उसका आरोप है कि विवाह के बाद उसके माता-पिता, भाई और अन्य परिजनों पर भी धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया। परिवार के लोगों के सहमत न होने पर उसे प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया गया है।

जांच के दौरान अधिकारियों ने चकरपुर के अलावा रामजीवनपुर और रतनपुरा गांवों का भी दौरा किया। ग्रामीणों से बातचीत में कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर धार्मिक सभाएं आयोजित कर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जाता है। कुछ ग्रामीणों ने दबाव और धमकी दिए जाने के भी आरोप लगाए। प्रशासन इन सभी आरोपों की जांच कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, शिकायत में नामित रोहित के संबंध में भी प्रशासन जानकारी जुटा रहा है। बताया जा रहा है कि वह नगर पालिका गदरपुर में कार्यरत है। प्रशासन उसके सेवा रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रहा है। साथ ही धर्म परिवर्तन के बाद जारी जाति प्रमाण पत्र से संबंधित तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *