देहरादून। जिले के रानीपोखरी क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात हेड कांस्टेबल सुनील की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उनकी सरकारी कार्बाइन से लगातार करीब 11 राउंड फायरिंग हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, हेड कांस्टेबल सुनील सोमवार को ड्यूटी समाप्त करने के बाद रानीपोखरी स्थित अपने आवास पहुंचे थे। देर शाम उनके घर से लगातार गोलियों की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो सुनील खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग सुनील की सरकारी कार्बाइन से हुई। हालांकि घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस यह संभावना भी जता रही है कि हथियार साफ करते समय गोली चल सकती है, लेकिन लगातार 11 राउंड फायर होना मामले को और संदिग्ध बना रहा है। घटना के समय सुनील अपने घर के बरामदे में मौजूद थे। पुलिस ने कार्बाइन को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, हादसा और अन्य संभावित कारणों समेत हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। रानीपोखरी थाने के एसएसआई नवीन डंगवाल ने बताया कि घटना रात की है और गोली चलने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। Post navigation वनाग्नि पर नियंत्रण के लिए उत्तराखंड की नई पहल, जंगलों में विकसित होंगे चाल-खाल और वाटर होल हरिद्वार में दो बाघों के शिकार पर बड़ी कार्रवाई: रेंजर समेत तीन वनकर्मी निलंबित, NTCA जांच की संभावना