देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को हटाने की साजिश में शामिल बताकर केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के खिलाफ दुष्प्रचार करने वाले पोर्टल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सोशल मीडिया और पोर्टल ग्रुपों में पिछले शुक्रवार से उत्तराखंड में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को बदलने संबंधी खबरों की होड़ लगी थी। रमेश पोखरियाल निशंक नियमित कार्यक्रम के तहत दून आए तो यह मामला और गरमा गया। तब से मुख्यमंत्री के समर्थन और विरोध में खबर प्रसारित हो रही है।
इसी क्रम में एक पोर्टल ने मानव संसाधन विकास मंत्री निशंक के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। मंत्री की कड़ी नाराजगी के बाद दून में कैंप कार्यालय के प्रभारी बाल किशन चमोली ने डालनवाला में पोर्टल संचालक के खिलाफ अभियोग पंजीकृत करा दिया। रिपोर्ट में कहा गया है कि पोर्टल ने असभ्य और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को अपदस्थ करने और उनके विरुद्ध साजिश में शामिल होना बताया। अपमानित करने की नीयत से खबर को व्हाट्सएप और फेसबुक पर प्रसारित किया। इससे मंत्री निशंक की छवि को क्षति पहुंची है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *