3 Jul 2025, Thu

पिथौरागढ़ विस सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी चंद्रा पंत विजयी

-कांग्रेस प्रत्याशी अंजू लुंठी को 3267 मतों से हराया

देहरादून/पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में फिर से कमल खिला है। पूर्व मंत्री स्व. प्रकाश पंत की पत्नी चंद्रा पंत ने कांग्रेस प्रत्याशी अंजू लुंठी को 3267 मतों से पराजित किया। चंद्रा पंत को 26086 मत और उनकी निकटतम प्रतिद्धंद्धी कांग्रेस की अंजू को 22819 मत मिले। चंद्रा पंत की जीत से भाजपा में खुशी व्याप्त है। तीसरे नंबर नोटा रहा, नोटा में 844 मत पड़े।
25 नंवबर को हुए मतदान की मतगणना गुरुवार सुबह एलएसएम पीजी कालेज में भारी सुरक्षा के बीच हुई। पहले चक्र की गणना में भाजपा और कांग्रेस के मध्य मात्र 88 मतों का अंतर रहा। अगले चक्र में भी भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर नजर आती रही। भाजपा की सहानुभूति को लेकर एकतरफा जीत का दावा ध्वस्त हो गया। पांच चक्रों तक बाजी कभी भी किसी के पक्ष में जाती नजर आई। पांचवें चक्र के बाद भाजपा ने एक हजार से अधिक मतों की लीड ली तब जाकर भाजपा का पलड़ा भारी होने लगा। पांचवें राउंड में भाजपा को 12048 मत तो कांग्रेस को 11751  मत मिले थे। छठे राउंड में भाजपा 16237 तो कांग्रेस 14791 मत पर थी। आठवें चक्र में भाजपा 1877 मतों से आगे हो गई। नवें चक्र में भाजपा ने 2583 मतों की बढ़त बना ली। इसके बाद  मात्र दो चक्रों की गिनती शेष रहने पर भाजपा को अपनी जीत सुनिश्चित लगने लगी। दसवें चक्र में भाजपा को बढ़त मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मतगणना स्थल से बाहर जश्न मनाया। मतगणना के दौरान नगर के विण बूथ की ईवीएम मशीन खराब होने के कारण मतगणना का कार्य प्रभावित रहा। 95 नंबर के विण के बूथ पर 602 मतदाताओं ने मतदान किया था। बाद में मशीन खुलने के बाद दो सौ मतों का अंतर आया। ईवीएम में पड़े मतों में भाजपा की चंद्रा पंत को 25646 मत और कांग्रेस की अंजू लुंठी को 22298 मत पड़े थे। पोस्टल बैलेट में भाजपा को 255 और कांग्रेस को 116 मत पड़े थे। पोस्टल मत मिलाकर भाजपा की चंद्रा पंत को 26086 और कांग्रेस की अंजू लुंठी को 22819 मत मिले। चंद्रा पंत को विजयी घोषित किया गया। घोषणा के बाद निर्वाचन अधिकारी तुषार सैनी ने जीत का प्रमाण पत्र चंद्रा पंत को प्रदान किया। जीत के बाद भाजपा ने विजयी जुलूस निकाला।
इस मौके पर विजयी प्रत्याशी चंद्रा पंत ने अपनी जीत पर पिथौरागढ़ की जनता का आभार जताया और स्व. पंत के द्वारा शुरू किए गए कार्यो को पूरा करने और उनके सपनों को साकार करने का दावा किया।
———————————————————
पिथौरागढ़ उपचुनावः कांग्रेस नेे हार स्वीकारी

-सहानुभूति की लहर पर सवार होकर जीती बीजेपीः प्रीतम सिंह

देहारदून। पिथौरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के परिणाम घोषित हो चुका हैं। पिथौरागढ़ में एक बार फिर बीजेपी ने अपना परचम लहराया है। यहां बीजेपी प्रत्याशी और प्रकाश पंत की पत्नी चंद्रा पंत जीती हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी अंजु लुंठी की हार हुई है।
अंजु लुंठी की हार पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि वे हार स्वीकार करते हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ये सीट जीतेगी। प्रीतम सिंह ने कहा कि पिथौरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस मजबूती के साथ चुनाव लड़ी थी। इस चुनाव में भले ही उनकी हार हुई है, लेकिन जो परिणाम आए हैं उससे एक बात तो साफ है कि जनता ने सरकार को आईना दिखाया है। प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव मुद्दों पर लड़ा था, जबकि बीजेपी ने सहानुभूति की लहर पर सवार होकर इस चुनाव को जीता है। आज भी वहां के विकास की बात जस की तस है। पेयजल योजना, नर्सिंग कॉलेज, बेस अस्पताल, स्पोर्ट्स कॉलेज जैसे तमाम विकास कार्य जो कांग्रेस ने प्रारंभ किए थे, वे कार्य आज तक पूरे नहीं हुए हैं। कांग्रेस वहां की जनता के जनादेश को स्वीकार करती है. लेकिन इस चुनाव में उन्हें ये संकेत मिला है कि 2022 में कांग्रेस पिथौरागढ़ में वापसी करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *