देहरादून। राजधानी दून के विकासनगर क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों द्वारा लाखों की लूट को अंजाम देकर सनसनी फैला दी गयी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच प्रारम्भ कर दी। बदमाशों द्वारा इस वारदात को निजी बैंककर्मी पर मिर्च पाउडर फेंक कर अंजाम दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह एक निजी फाइनेंस कम्पनी का कर्मचारी साबिर अली कम्पनी से सम्बन्धित दो लाख की नगदी लेकर किसी कार्यवश जा रहा था। बताया जा रहा है कि जब वह आदूवाला के समीप पहुंचा तो इस दौरान पीछे से बाइक सवार दो लोग आये और उन्होने साबिर अली की आंख पर मिर्च पाउडर डाल दिया। मिर्च पाउडर के आंख में पड़ते ही साबिर अली घबरा कर तिलमिला उठा। इस दौरान बाइक सवार बदमाशों द्वारा उससे रूपयों से भरा बैग छीन लिया गया और फरार हो गये। कुछ देर बाद मामले की सूचना पुलिस को मिली तो उन्होने मौके पर पहुंच कर पड़ताल शुरू कर दी। राजधानी दून इन दिनों चोर लुटेरों के निशाने पर है। पिछले दो माह के दौरान बाहरी प्रदेशों के बदमाशों  द्वारा दून में कई घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है। हालांकि उनमें से अधिकतर मामलों का पुलिस खुलासा कर चुकी है लेकिन जिन मामलों का खुलासा करने में पुलिस अब तक नाकाम साबित हुई है वह पहले ही पुलिस की गले की हड्डी बनी हुई है। ऐसे में आज एक बार फिर विकासनगर में लाखों की लूट की वारदात को अंजाम देकर एक बार फिर बदमाशों ने पुलिस की सुरक्षा  व्यवस्था को चुनौती दी है। देखना होगा कि पुलिस कब तक इस मामले का खुलासा कर पाती है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *