पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी में एक बेटी के जन्मदिन पर उसके सिर से मां का साया उठ गया। बुधवार सुबह घास लेने गई महिला मीना नौटियाल पर गुलदार ने हमला कर दिया और उसे खींच कर जंगल में ले गया।
जब गांव वालों ने खोजबीन की तो महिला का शव जंगल में कुछ दूर ही बरामद कर लिया गया। खंडाह गांव में हुई गुलदार के हमले की इस घटना के बाद लोगों में गुस्सा है। वहीं महिला की मौत होने से परिजन शोक ग्रस्त हैं। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम शव को निकाल रही है। मृतक मीना पत्नी हरीश, निवासी लोवर भक्तियाना, उम्र 40 साल मूलरूप से गिरीगांव की है। महिला शव जंगल में बेहद दुर्गम क्षेत्र में मिला है। जहां से शव निकालने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बताया गया कि घटना बुधवार सुबह लगभग सात बजे की है। मां की मौत की खबर सुनकर बेटी तान्या को रो-रोकर बुरा हाल हुआ। आज उसका जन्मदिन था और मां उससे घर वापस लौटने पर पूड़ी-पकौड़ी बनाने का वाद कर घास लेने गई थी। रोजाना की तरह मीना नौटियाल तीन महिलाओं के साथ जंगल में घास लेने गयी थी। मीना गाय का दूध बेचकर परिवार का गुजारा करती थी। बुधवार सुबह तीनों घास काट रही थीं। तभी गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। मीना नौटियाल खुद को हमले से बचा नहीं सकी। अन्य दो महिलाओं ने बमुश्किल जान बचाई और वहां से भाग निकली। उसके बाद गांव वालों को इस बात की जानकारी दी।
———————————————————–
गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग को लेकर किया हाइवे जाम
पौड़ी। खंडाह के निकट बछेली के जंगल में गुलदार ने एक महिला को मार डाला है। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने मेरठ-पौड़ी हाइवे पर जाम लगा दिया है। दुर्गम घने जंगल से शव लेकर सड़क पर पहुंचे प्रशासनिक अमले को ग्रामीणों ने शव ले जाने से मना कर दिया है। ग्रामीणों की मांग है कि पहले गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे शूट करने की परमिशन दी जाए तभी वह शव ले जाने देंगे। एसडीएम और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच चुके थे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की।बड़ी संख्या में महिलाएं भी सड़क पर बैठी हैं तो दूसरी तरफ हाईवे की दोनों ओर गाड़ियों की कतार लग गई हैं।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *