किच्छा। कोऑपरेटिव सोसाइटी में बचत खाता खोले जाने के नाम पर कथित पत्रकार के भाई द्वारा हजारों रुपए की धोखाधड़ी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। जमा धनराशि की मांग करने पर आरोपी एजेंट व उसके कथित पत्रकार भाई ने पीड़िता को जान से मारने व झूठे केस में फंसाने की धमकी देना शुरू कर दिया है। पीड़िता ने धोखाधड़ी करने वाले सोसाइटी एजेंट व उसके भाई के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में नगर के वार्ड 10 पंजाबी मोहल्ला निवासी जूही रानी पत्नी सोनू ने कहा कि क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी में उसके द्वारा वार्ड 10 टीचर कॉलोनी निवासी शुभम कुमार पुत्र स्वर्गीय जगदीश चंद्र के माध्यम से गत 24 जुलाई 2017 को एक बचत खाता खुलवाया था। जिसमें प्रार्थिनी द्वारा प्रतिदिन 200 रुपए की धनराशि सोसाइटी एजेंट शुभम कुमार के माध्यम से जमा की जाती थी। पीड़िता के अनुसार आरोपी एजेंट शुभम कुमार द्वारा खोले गए बचत खाते में वह प्रतिदिन 200 की धनराशि जमा करती रहीं। पीड़िता ने बताया कि कुछ दिन पूर्व जब उसे धनराशि की जरूरत पड़ी तो उसने एजेंट शुभम कुमार से जमा धनराशि को वापस दिलाने की मांग की। पीड़िता के अनुसार रकम वापस मांगे जाने के बाद लंबे समय तक आरोपी शुभम ने धनराशि दिलाने में आनाकानी की। इस बीच रुपए दिलाने के नाम पर प्रार्थी को दी गई पासबुक भी आरोपी युवक शुभम अपने साथ ले गया। पीड़िता के अनुसार सोसाइटी में जानकारी लेने पर ज्ञात हुआ कि उसके खाते में मात्र 600 रुपए की धनराशि जमा की गई है जबकि उसके द्वारा करीब 75000 की रकम जमा कराई जा चुकी है। पीड़िता ने बताया कि लगातार पैसे की मांग करने पर आरोपी शुभम व उसके तथाकथित भाई सचिन कुमार ने खुद को पत्रकार बताते हुए पीड़िता व उसके पति को धमकाना शुरू कर दिया है। पीड़िता के अनुसार आरोपी एजेंट् शुभम कुमार व उसका तथाकथित पत्रकार भाई सचिन कुमार ने पैसे देने से साफ इंकार करते हुए पुलिस में शिकायत करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी है। पीड़िता ने बताया कि वह गरीब परिवार की महिला है और मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण कर रही है तथा बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए उसके द्वारा यह धनराशि जुटाई जा रही थी। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा जमा धनराशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *