ऋषिकेश। तीर्थनगरी में एनजीटी के आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए बिल्डर लगातार गंगा किनारे बहुमंजिला इमारतों का निर्माण कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में एनजीटी के आदेशों के बावजूद साईं मंदिर के पास आस्था पथ के किनारे बहुमंजिला इमारत का निर्माण कार्य किया जा रहा है। लेकिन मामले को लेकर प्रशासन कोई गंभीरता नहीं दिखा रहा है। जिसके चलते बिल्डरों के हौंसले बढ़ते ही जा रहे हैं, और वो बेखौफ होकर गंगा किनारे इमारतें बनाते ही जा रहे हैं।
दरअसल गंगा में प्रदूषण को रोकने के लिए सरकार द्वारा एनजीटी का गठन किया गया था। जिसके बाद एनजीटी ने गंगा के 200 मीटर के दायरे में किसी भी तरह का निर्माण कार्य ना किए जाने का आदेश जारी किया था। लेकिन एनजीटी के आदेश के बावजूद गंगा किनारे लगातार निर्माण कार्य धड़ल्ले से जारी है।  ताजा मामला ऋषिकेश स्थित साईं मंदिर के पास आस्था पथ के किनारे बहुमंजिला इमारत के निर्माण का है। जहां बिल्डर सभी नियम कानूनों को ठेंगा दिखाते हुए निर्माण कार्य कर रहे हैं। गौर हो कि यह पहला मामला नहीं है। गंगा किनारे कौड़ियाला से लेकर हरिपुर कला तक सैकड़ों निर्माण कार्य गंगा के 200 मीटर के दायरे में किए जा रहे हैं। लेकिन प्रशासन बिल्डरों पर नकेल कसने में नाकाम साबित हो रहा है। उपजिलाधिकारी प्रेमलाल ने बताया कि उनके संज्ञान यह मामला आ गया है, जल्द ही अवैध निर्माण पर कार्रवाई की जाएगी।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *