रूद्रप्रयाग। उत्तराखंड के कुंड-ऊखीमठ-चोपता-गोपेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्री वाहन की चपेट में आने से चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया है। साथ ही चालक को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। घटना के बाद से माता-पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह 8.45 बजे संसारी गांव निवासी किशन सिंह बर्तवाल का चार वर्षीय पुत्र आर्यन अपनी मां का हाथ पकड़कर सड़क किनारे चल रहा था।
वह गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग कर अपनी मां के साथ घर लौट रहा था। इस दौरान उसने अपनी मां का हाथ छोड़ दिया और सड़क में दौड़ने लगा। जब तक उसकी मां उसे आवाज देती। वह कुंड की तरफ से आ रहे यात्री वाहन (बोलेरो) की चपेट में आ गया। बुरी तरह से लहुलुहान बच्चे को उसकी मां और चालक ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर उप जिलाधिकारी वरूण अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा, प्रकाश रावत, मनोहर गुसाईं, प्रदीप सिंह, रवींद्र रावत, श्याम सिंह आदि लोग भी मौजूद थे। थानाध्यक्ष सुबोध ममगाईं भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेकर वाहन को सीज किया। इसके बाद अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया। साथ ही वाहन चालक को हिरासत में लेकर थाना ले गए, जहां उसके विरूद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 279 व 304ए में मुकदमा दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष ममगाईं ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर चालक से पूछताछ की गई है। किशन सिंह बत्रवाल की तीन संतानों में आर्यन दो बहनों का इकलौता भाई था। वह, राजकीय प्राथमिक विद्यालय संसारी में पढ़ रहा था। इसी वर्ष माता-पिता द्वारा उसे स्कूल में भर्ती किया गया था। प्रत्येक दिन उसकी माता उसे स्कूल छोड़ने व घर लेने आती थी।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *