25 Aug 2025, Mon

सिडकुल की फैक्ट्री में सिलेंडर फटने से दो कर्मचारियों की मौत, चार गंभीर रूप से घायल  

हरिद्वार। औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल की एक फैक्ट्री में सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। दो कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हरिद्वार में औद्योगिक क्षेत्र स्थित सुएज ड्रिपलेक्स वाटर इंजीनियरिंग कंपनी से ऑक्सीजन सिलेंडर सप्लाई किए जाते हैं। मंगलवार की शाम लोडर से ऑक्सीजन के सिलेंडर उतारे जा रहे थे। उसी दौरान एक सिलेंडर फट गया, जिससे धमाका होने के साथ ही आस-पास मौजूद दो कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। वहीं, चार कर्मचारी घायल हो गए। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास की फैक्ट्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर एसएसपी समेत आला पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया। फिलहाल, मौके से शव नहीं उठाए गए थे। तकनीकी जांच टीमों को मौके पर बुलाया जा रहा है। वहीं, घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने बताया कि घायल कर्मचारियों की हालत नाजुक होने के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *