uksb logos
हरिद्वार। पटवारी, लेखपाल भर्ती परीक्षा पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की सहायक अभियंता(एई) और अवर अभियंता(जेई) भर्ती परीक्षाओं की भी जांच करेगा। इसकी जांच एसएसपी हरिद्वार को सौंपी गयी है। जांच रिपोर्ट के बाद ही आयोग इन भर्ती परीक्षाओं में अगली कार्रवाई करेगा। इसके साथ ही आयोग में अति गोपनीय अनुभागों में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए सिक्योरिटी ऑडिट कराया जाएगा। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की एक बैठक में यह निर्णय लिया गया।लोक सेवा आयोग के गोपनीय व अतिगोपनीय अनुभागों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए आयोग ने सिक्योरिटी ऑडिट कराने का निर्णय लिया है। जिसमें एडीजी इंटेलीजेंस से एक टीम गठित कर सिक्योरिटी ऑडिट के लिए आयोग में भेजने का आग्रह किया जाएगा।
वन आरक्षी परीक्षा-2022 और पीसीएस मुख्य परीक्षा-2021 के लिए आयोग की ओर से नये सिरे से प्रश्न पत्र तैयार किए जा रहे हैं। लेकिन इन परीक्षाओं के लिए पूर्व में छपे प्रश्न पत्रों व प्रश्न बैंक को आयोग ने नष्ट करने का निर्णय लिया है। इसके लिए आयोग के एक सदस्य की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति गठित की जाएगी। इस समिति की देखरेख में पुराने प्रश्न पत्रों को नष्ट किया जाएगा।
पेपर लीक प्रकरण में संलिप्त अभ्यर्थियों को लोक सेवा आयोग की ओर से ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। पटवारी लेखपाल भर्ती पेपर लीक प्रकरण की जांच कर रही एसआईटी से संलिप्त अभ्यर्थियों की सूची ली जाएगी। इसके लिए एसएसपी हरिद्वार से नकल में शामिल अभ्यर्थियों की सूची मांगी जाएगी। इसके अलावा लोक सेवा आयोग ने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से भी नकल में शामिल रहे अभ्यर्थियों की सूची मांगी है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *