पति समेत पांच के खिलाफ मामला दर्ज
भगवानपुर /रुड़की। एक महिला को उसके पति ने तीन तलाक दे दिया। यहीं नहीं जेठ ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। ससुराल पक्ष के लोग विवाहिता को गांव के पास ही फेंक कर फरार हो गये। इस मामले में पुलिस ने पति समेत पांच पर मुकदमा दर्ज किया है। भगवानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी 13 जुलाई 2020 को पथरी थाना क्षेत्र निवासी जावेद से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए महिला पर दबाव बनाने लगे। जब महिला ने विरोध किया तो उसे प्रताडि़त किया जाने लगा।महिला का आरोप है कि एक दिन घर में उसे अकेले देख जेठ परवेज ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। जब महिला ने इस बारे में ससुराल पक्ष को जानकारी दी तो उसकी पिटाई की गई।महिला का आरोप है कि 14 दिसंबर 2021 को ससुराल पक्ष के व्यक्तियों ने उसकी पिटाई की और उसके अधमरा कर गांव के पास फेंक कर फरार हो गये थे। आरोप है कि इसी दौरान पति ने उसे तीन तलाक भी दे दिया। महिला ने पति पर अप्राकृतिक संबंध बनाने के आरोप लगाये। भगवानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में पति जावेद, ससुर मेहरबान, सास मुनीरा, जेठ मोहसीन, जेठ परवेज पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
घर में घुसकर लाठी से हमला, छह पर मुकदमा
रुड़की के पाडली गुर्जर गांव में वाहन की टक्कर मारने के बाद हुए विवाद को लेकर घर में घुसकर लाठी से हमला कर दिया। जिसमें दो लोग घायल हो गये। पुलिस ने इस मामले में छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पाडली गुर्जर गांव निवासी कादिर ने गंगनहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें बताया कि सोमवार को उसका भतीजा सुफियान बाइक से गांव में आ रहा था। इसी दौरान गांव के पास ही एक कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी थी। बाइक की टक्कर लगने के बाद इनके बीच विवाद हो गया था। इसके बाद सुफियान अपने घर आ गया था। आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग लाठी लेकर इनके घर आ धमके। इन्होंने कादिर और उसके भतीजे सुफियान पर हमला कर दिया।घटना को लेकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। शोर मचाने पर आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गये थे। इस मामले में कादिर ने गंगनहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी।गंगनहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक एश्वर्य पाल ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में कादिर की तहरीर पर जुनैद, जावेद, अरशद, अबुबकर, अतीक निवासी नन्हेंडा अन्ंतपुर तथा आसिफ निवासी ग्रीन पार्क कालोनी रामपुर पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपित हमलावरों की तलाश कर रही है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *