देहरादून। भारतीय जनता पार्टी में आम आदमी पार्टी को उत्तराखंड में बड़ा झटका दिया। आम आदमी पाटी के 29 पदाधिकारियों समेत 75 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा की सदस्‍यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने पदाधिकारी को पार्टी में शामिल कराया।

प्रदेश प्रभारी दुष्‍यंत कुमार गौतम ने इस अवसर पर कहा कि इससे पार्टी और मजबूत होगी। बड़ी संख्या में लोग भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने को आगे आ रहे हैं। विधानसभा चुनाव में पार्टी को इससे लाभ मिलेगा।
अगले साल उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इसके लिए सभी राजनीतिक दल पूरी तरह से तैयारियों में जुटे हुए हैं। चुनावों के नजदीक आते ही पार्टी बदलने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। पहले जहां एक निर्दलीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार और कांग्रेस के पुरोला विधायक राजकुमार ने हाल ही में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली। वहीं, अब आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्त्ता भी भाजपा में शामिल हुए हैं।