देहरादून। उत्तराखंड में हाईकोर्ट की अनुमति के बाद सरकार ने चार धाम यात्रा शुरू कर दी, जिसके बाद चार धाम यात्रा के लिए लोगों भीड़ उमड़ रही है। यात्रा शुरू होने के 2 दिन के भीतर 42000 लोगों ने पंजीकरण कराया है तथा लगभग 42000 ई पास भी जारी किए गए हैं। सबसे ज्यादा बुकिंग बाबा केदार नाथ के लिए की गई है। केदारनाथ धाम के लिए वीकेंड और नवरात्रों पर दर्शन के लिए बुकिंग फुल हो गई है। दो दिन में चारों धामों में 2500 से अधिक यात्री दर्शन कर चुके हैं।

सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देश के अनुसार यात्रा के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है। चारों धाम में स्थित कुंडों में श्रद्धालुओं को स्नान की अनुमति नहीं है। गढ़वाल आयुक्त एवं उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविनाथ रमन ने बताया कि आज बदरीनाथ धाम के लिए 1645, केदारनाथ के लिए 2160, गंगोत्री के लिए 788 और यमुनोत्री के दर्शन के लिए 598 ई-पास जारी किए गए हैं।

बदरीनाथ धाम के लिए 9989, केदारनाथ 18934, गंगोत्री 4727, यमुनोत्री 4361 ई-पास जारी हो चुके है। लगातार ई-पास जारी किए जा रहे हैं। चारों धामों में रविवार अपराह्न तक 1267 तीर्थ यात्री पहुंचे। इनमें बदरीनाथ धाम में 368, केदारनाथ धाम 536 तीर्थ यात्रियों ने दर्शन किए। गंगोत्री में 275 और यमुनोत्री में 88 तीर्थ यात्री रविवार दोपहर तक दर्शन कर चुके थे। गोविंद घाट गुरुद्वारा से सरदार सेवा सिंह ने देवस्थानम बोर्ड को बताया कि गुरूद्वारा हेमकुंड रविवार को 72 श्रद्धालु मत्था टेकने पहुंचे।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *