देहरादून। केंद्र सरकार के 12वीं की परीक्षा रद्द करने के निर्णय के बाद आज उत्तराखंड सरकार ने भी प्रदेश में 12वीं की परीक्षा रद्द करने की घोषणा की। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने बुधवार को इसकी घोषणा करते हुए आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंनें कहा कि छात्रों व शिक्षकों के हितों को देखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है।

उत्तराखंड बोर्ड की 12वीं की परीक्षा के लिए एक लाख 23 हजार से अधिक बच्चे पंजीकृत हैं। जबकि परीक्षा के लिए 1347 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 223 केंद्र संवेदनशील और 22 परीक्षा केंद्रों को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया था।

बता दें इससे पूर्व राज्य बोर्ड 10वीं की परीक्षा भी रद्द कर चुका है। जल्द ही 12वीं की मूल्यांकन नीति जारी होगी। जिन छात्र-छात्राओं को लगेगा कि वो ज्यादा बेहतर अंक हासिल कर सकते हैं, उन्हें हालात ठीक होने पर परीक्षा का मौका दिया जाएगा।

शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने केंद्र सरकार के निर्णय के बाद कहा था कि इंटरमीडिएट की परीक्षा का पैटर्न सीबीएसई के अनुसार तय होगा। केंद्र के रुख को देखते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तर्ज पर बहुविकल्पीय पद्धति (एमसीक्यू) पर भी होमवर्क शुरू कर दिया गया था। लेकिन केंद्र के सीबीएसई 12वीं परीक्षा रद्द करने के फैसले की तर्ज पर राज्य सरकार ने भी छात्रों के स्वास्थ्य व सुरक्षा के लिए अपने यहां की बोर्ड परीक्षा रद्द कर दी।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *