देहरादून। 72वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित अधिकारियों, कार्मिकों एवं पुलिस के जवानों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने परेड ग्राउंड, देहरादून में गणतंत्र दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही स्वतंत्रता आंदोलन में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले एवं देश की एकता एवं अखंडता के लिए कार्य करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का स्मरण करते हुए उनको श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद भी देश एव प्रदेश में कोविड काफी नियंत्रण में है। हमारे वैज्ञानिकों ने बहुत कम समय में कोरोना वैक्सीन तैयार की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत कोविड पर पूर्ण नियंत्रण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके बाद मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने भाजपा कार्यालय में ध्वजारोहण किया।
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे के प्रति हमारे संकल्प को दोहराने का दिन है। उन्होंने सभी महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, संविधान निर्माताओं और सेना व सुरक्षा बलों के जवानों को नमन किया है। राज्यपाल ने कहा है कि उत्तराखंड में भी कोविड के मामलों में बहुत कमी आई है, लेकिन हमें अभी भी पूरी सावधानी रखनी आवश्यक है। टीका लगने के बाद भी हम सभी को कोविड से बचाव संबंधी सभी नियमों का पूरा पालन करते रहना है।’’
उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी से सफलतापूर्वक लड़कर और फिर अपनी स्वयं की वैक्सीन बनाकर भारत वर्ष ने एक बार पुनः अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। अब आवश्यकता है कि हमारी युवा पीढ़ी नई प्रगतिशील सोच के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और मूल्यों को आत्मसात करते हुए नव भारत के निर्माण हेतु अपना शत-प्रतिशत योगदान दें।
वहीं पुलिस लाइन, पिथौरागढ़ में 72वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शिक्षाा मंत्री अरविंद पाण्डेय ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर भारतीयता पर गर्व की अनुभूति सहित राष्ट्रध्वज फहराकर, तिरंगे को नमन किया।