26 Oct 2025, Sun

भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन कार्यकर्ताओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग से हुए रूबरू

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) श्री शिवप्रकाश ने कोरोना संकट के चलते जारी लॉक डाउन में निरंतर संवाद को अपरिहार्य बताया और कहा कि पार्टी नेताओं को बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर समाज के सभी वर्गों तक विभिन्न माध्यमों का उपयोग कर संवाद जारी रखना चाहिए।

राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) श्री शिवप्रकाश आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के द्वारा प्रदेश पदाधिकारियों से बातचीत कर रहे थे। वीडियो कांफ्रेंसिंग में प्रदेश प्रभारी श्री श्याम जाजू, प्रदेश अध्यक्ष श्री बंशीधर भगत, महामंत्री (संगठन) श्री अजेय, प्रदेश महामंत्री द्वय श्री कुलदीप कुमार व श्री राजू भंडारी के साथ ही प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष व सभी जिला अध्यक्ष शामिल थे। इस मौके पर श्री शिवप्रकाश ने कहा कि कोरोना संकट के कारण पूरे विश्व को कई समस्याओं से जूझने के साथ-साथ नए अनुभव भी सीखने को मिले हैं। आज संवाद के परंपरागत तरीके में बदलाव आया है। भाजपा ने लॉक डाउन में सोशल डिस्टेसिंग को ध्यान में रखते हुए अपनी सभी सार्वजनिक गतिविधियां व बैठक स्थगित कर दी थीं। मगर कार्यकर्ताओं से संवाद किसी कीमत पर बंद नहीं किया। वीडियो-ऑडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संवाद के नए साधनों के बूते भाजपा ने लॉक डाउन में जरूरतमदों की सहायता के लिए जो अभियान चलाया, वो पूरी तरह से सफल रहा।

उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के कारण सोशल डिस्टेसिंग का पालन संभवतः आगे भी जारी रखना पड़े। इस लिहाज से व्यवस्था में बदलाव जरूरी है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा समाज के अन्य वर्गों से भी एक निश्चित अंतराल पर पारस्परिक संवाद किया जाए। उनसे कोरोना संकट में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की चर्चा करें और विभिन्न विषयों पर उनके सुझाव लें। उन्होंने पार्टी के कॉल सेंटर के माध्यम से भाजपा के सक्रिय सदस्यों तक संवाद कायम करने पर जोर दिया और इसके साथ ही पार्टी के सभी मोर्चों, प्रकल्पों, मीडिया व सोशल मीडिया विभाग को भी अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा।

पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्री श्याम जाजू ने कहा कि प्रदेश में सरकार और संगठन के बेहतर समन्वय के कारण पार्टी द्वारा चलाए गए विभिन्न कार्यक्रमों के अच्छे नतीजे मिले हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा लॉक डाउन के दौरान जरूरतमंदों की मदद के लिए चलाए गए राष्ट्रव्यापी अभियान प्रदेश में सफल रहा है। सभी कार्यकर्ताओं ने अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री भगत व प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री अजेय ने प्रदेश में अब तक संचालित विभिन्न गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *