देहरादून। प्रदेश में रविवार सुबह मौसम ने करवट बदली। राजधानी देहरादून, नैनीताल और मसूरी समेत प्रदेश भर में झमाझम बारिश ने लोगों को ठंड का एहसास करा दिया। वहीं, कई पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई।
पहाड़ों की रानी मसूरी में  भी तेज बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में काफी गिरावट आई है। सरोवर नगरी नैनीताल में सुबह से ही झमाझम बारिश ने ठंड बढ़ा दी। वहीं, दूसरी ओर डीएसए मैदान में बारिश का पानी भरने से सब्जी व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। व्यापारियों का कहना था कि प्रशासन ने पानी न भरे इसके लिए कोई इंतजाम नहीं किए हैं। बारिश में हरी सब्जियां भी खराब हो गई हैं। वहीं, काशीपुर, जसपुर, रानीखेत, हलद्वानी, अल्मोड़ा, हरिद्वार, रुड़की में भी सुबह बारिश हुई। बारिश के कारण मैदानी इलाकों में भी ठंडी हवाएं चलने से लोगों को उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने 26 अप्रैल को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का अनुमान जताया था। साथ ही मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में बिजली गिरने और मैदानी क्षेत्रों में तेज हवा चलने का भी अनुमान लगाया था।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *