देहरादून। प्रदेश की राजधानी राजकीय दून मेडिकल अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित नौ महीने के बच्चे ने छह दिन में कोरोना की जंग जीत ली है। यह बच्चा उत्तराखंड में कोरोना से सबसे कम समय में स्वस्थ होने वाला मरीज बन गया है। इससे पहले एक प्रशिक्षु आईएफएस सात दिन में कोरोना से ठीक हुआ था। अस्पताल के डिप्टी एमएस और कोरोना के स्टेट को-ऑर्डिनेटर डॉ. एनएस खत्री ने बताया कि बच्चे की दो रिपोर्ट लगातार निगेटिव आने के बाद उसे डिस्चार्ज किया जा रहा है।
देहरादून की भगत सिंह कॉलोनी में जमात से लौटे नौ महीने के बच्चे के पिता कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर उसे भी 17 अप्रैल को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उसकी मां को भी सेंटर में क्वारंटीन किया गया था। जांच में मां का सैंपल निगेटिव आया था। दून अस्पताल के कोरोना के नोडल अफसर और सांस रोग विभाग के एचओडी पल्मनोलॉजिस्ट डॉ. अनुराग अग्रवाल ने बताया कि बच्चे की मां का भी कोरोना सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। दोनों बार मां की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। फिर भी मानवीय आधार पर मां को बच्चे के साथ ही अस्पताल में भर्ती रखा गया था। मां को पीपीई किट भी उपलब्ध कराई गई थी। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि इस दौरान बच्चा मां का दूध पीता रहा। उन्होंने बताया कि मां के दूध में संक्रमण से लड़ने की बहुत क्षमता होती है। संभवत बच्चे के जल्द ठीक होने का एक कारण यह भी हो सकता है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *