देहरादून। पूरे देश की तरह उत्तराखंड में भी कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं और लॉकडाउन की वजह से तमाम लोग घरों में ही रहने पर मजबूर हैं। इस बीच बड़ी-भारी संख्या में मजदूर और गरीब तबके के लोग ऐसे भी हैं जो रोजमर्रा की कमाई के साथ ही दो वक्त के खाने के लिए तरस रहे हैं। ऐसे में सामाजिक संगठन हों या राजनीतिक दल हर कोई खाना बांटने के काम में जुटा है ताकि जरूरतमंदों को खाना मिल सके. मुश्किल के इस वक्त में राजनीतिक दल राजनीति का मौका नहीं छोड़ रहे। बीजेपी मोदी किचन में खाना बनाकर लोगों को बांट रही है तो कांग्रेस ने भी जवाब में सोनिया किचन शुरु किया है। अपने हाईकमान के आदेश पर बीजेपी नेता उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में मोदी किचन चला रहे हैं जिनमें बीजेपी के विधायक, जिलाध्यक्ष और पार्षद शामिल हैं. रोजाना अलग-अलग इलाकों में मोदी किचन में खाना बनाया जाता है और फिर पका हुआ खाना पुलिस को दे दिया जाता है ताकि पुलिस सही लोगों तक खाना पहुंचा सके। अब देर से ही सही और पूरे राज्य में न सही लेकिन कांग्रेस ने देहरादून महानगर में किचन की शुरुआत कर दी है। यहां भी रोजाना खाना बनाकर रात के लिए लोगों को बांटा जा रहा है। बीजेपी के मोदी किचन में खाना तैयार करवाने वाले विधायक खजान दास और गणेश जोशी का कहना है कि लोगों को खाने की उचित व्यवस्था की जा रही है ताकि कोई भी भूखा न रहे और मोदी किचन के जरिए हर बीजेपी नेता और कार्यकर्ता का उद्देश्य है कि कोरोना संकट में लोग परेशान न हों। सभी बीजेपी कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष के आदेश का पालन कर रहे हैं।सोनिया किचन चला रहे महानगर अध्यक्ष लालचंद्र शर्मा का कहना है कि बीजेपी और तमाम संगठन दिन में लोगों को खाना बांट रहे हैं लेकिन रात में भी लोगों को खाने की जरूरत पड़ती है। इसी सोच के साथ सोनिया किचन की शुरुआत की गई है और लोगों को खाना बांटा जा रहा है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *