परेड ग्राउंड में पांच दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ 11 जुलाई को, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे उद्घाटन; देशभर के कलाकार देंगे रंगारंग प्रस्तुतियां।

देहरादून। उत्तराखंड अल्पसंख्यक कल्याण तथा वक्फ विकास निगम की ओर से अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वाधान में कल से ‘लोक संवर्धन पर्व’ का आयोजन  परेड ग्राउंड, देहरादून में किया जाएगा। इस पांच दिवसीय महोत्सव में देश की विविध सांस्कृतिक विरासत, लोक कलाओं और पारंपरिक व्यंजनों का भव्य संगम देखने को मिलेगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ 11 जुलाई को शाम 4 बजे केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य एवं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण एवं समाज कल्याण मंत्री खजान दास की उपस्थिति में होगा।

देहरादून के परेड ग्राउंड में 11 से 15 जुलाई तक ‘लोक संवर्धन पर्व 2026’ का भव्य आयोजन होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे उद्घाटन। पांच दिनों तक संस्कृति, कला, व्यंजन और देशभर के प्रसिद्ध कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 11:30 बजे से प्रदर्शनी तथा शाम 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में उत्तराखंड सहित देशभर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

सांस्कृतिक संध्या में पहले दिन प्रसिद्ध ग़ज़ल गायक तलत अज़ीज़, दूसरे दिन सूफी गायिका ज्योति नूरां, तीसरे दिन उत्तराखंड के लोकप्रिय लोकगायक किशन महिपाल, माया उपाध्याय और विवेक नौटियाल, चौथे दिन लोक संगीत बैंड पांडवास तथा समापन दिवस पर पंजाबी गायक परमीश वर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे।

आयोजकों के अनुसार, लोक संवर्धन पर्व का उद्देश्य देश की सांस्कृतिक विविधता, पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यंजनों को एक मंच पर लाकर उन्हें बढ़ावा देना तथा लोगों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *