खटीमा की एक महिला आईटीबीपी जवान ने अपने पति और दो अन्य लोगों पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने, मारपीट करने और बच्चों को लेकर धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खटीमा (उधमसिंह नगर)। खटीमा के दियां गांव की रहने वाली एक महिला जवान, जो भारत तिब्बत सीमा पुलिस में कार्यरत हैं और वर्तमान में लद्दाख में तैनात हैं, ने अपने पति और दो अन्य लोगों पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका विवाह वर्ष 2014 में हिंदू रीति-रिवाज से संदीप सिंह राना के साथ हुआ था। विवाह के बाद वह आईटीबीपी में भर्ती हो गई, जबकि उसका पति बेरोजगार था। आरोप है कि मोहम्मदपुर भुड़िया गांव निवासी कमलजीत सिंह और दान सिंह राना ने पति को आर्थिक लाभ और रोजगार का लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया। महिला का कहना है कि पति ने धर्म परिवर्तन के बाद दोनों बच्चों के नाम भी बदल दिए और उन्हें चर्च ले जाना शुरू कर दिया। जब वह छुट्टी लेकर घर पहुंची तो उस पर भी धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर मारपीट की गई और कथित तौर पर उसे जबरन चर्च ले जाकर मतांतरण कराया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पति बच्चों को अपने पास रखकर उसे धमका रहा है और पैसे की मांग कर रहा है। 19 मई 2026 को पति ने उसके मायके पहुंचकर परिवार के सामने भी धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया। पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर संदीप सिंह राना, कमलजीत सिंह और दान सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। Post navigation रील बनाकर दहशत फैलाना पड़ा भारी, ‘मकड़ा गैंग’ पर पुलिस का शिकंजा गंगा दशहरा पर हरिद्वार बना आस्था का महासंगम, श्रद्धालुओं से पटे गंगा घाट