देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 12 और 13 जून को होने वाले कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और सभी आवश्यक सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति आशियाना परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

राष्ट्रपति उद्यान के विकास कार्यों का लेंगी जायजा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 12 जून को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी। यहां वे राष्ट्रपति आशियाना परिसर में 132 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान का निरीक्षण करेंगी और निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन करेंगी।

13 जून को राष्ट्रपति भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में आयोजित 158वें रेगुलर कोर्स और 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की पासिंग आउट परेड (POP) में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

132 एकड़ में विकसित हो रहा विश्वस्तरीय राष्ट्रपति उद्यान

राष्ट्रपति आशियाना परिसर में विकसित किया जा रहा राष्ट्रपति उद्यान भविष्य में देहरादून की नई पहचान बनने जा रहा है। लगभग 132 एकड़ क्षेत्र में तैयार हो रहे इस पार्क में आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

उद्यान में थीम पार्क, आधुनिक कैफेटेरिया, फूड कोर्ट, 2,700 मीटर लंबा जॉगिंग एवं साइकिलिंग ट्रैक, 840 मीटर का बोर्डवॉक, 800 दर्शकों की क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर, योगा पवेलियन, व्यूइंग डेक, वॉटरफॉल डेक और आधुनिक स्पोर्ट्स जोन जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 20 जून 2025 को राष्ट्रपति तपोवन और राष्ट्रपति निकेतन का उद्घाटन किया था तथा इसी दौरान राष्ट्रपति उद्यान की आधारशिला भी रखी थी।

सभी विभागों को दिए गए सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बिजली, पेयजल, अग्निशमन, वन और अन्य विभागों को अपनी व्यवस्थाओं से संबंधित फिटनेस एवं क्लियरेंस प्रमाणपत्र समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यदायी संस्थाओं को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने को कहा गया।


IMA पासिंग आउट परेड के लिए ट्रैफिक डायवर्ट, कई मार्गों पर रहेगा बदलाव

राष्ट्रपति की मौजूदगी में होने वाली IMA पासिंग आउट परेड को देखते हुए देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस ने 13 जून को सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है।

प्रमुख ट्रैफिक बदलाव

  • परेड के दौरान IMA क्षेत्र पूरी तरह जीरो जोन रहेगा।
  • बल्लूपुर से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों को रांघड़वाला तिराहा और मिठी बेरी मार्ग से भेजा जाएगा।
  • प्रेमनगर से शहर की ओर आने वाले छोटे वाहन एमटी गेट और मिठी बेरी मार्ग से संचालित होंगे।
  • सेलाकुई और भाऊवाला से आने वाले भारी वाहनों को धूलकोट तिराहे से सिंघनीवाला और नया गांव मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा।
  • देहरादून से विकासनगर जाने वाले भारी वाहनों को शिमला बाईपास से धर्मावाला मार्ग की ओर भेजा जाएगा।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें और यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *