अल्मोड़ा। जिले के धौलादेवी ब्लॉक के सेली गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। आरोप है कि पत्नी ने अपनी बेटी और दामाद के साथ मिलकर पति पर धारदार दराती से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद तीनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश में उत्तराखंड से लेकर हरियाणा तक दबिश दे रही है।

पत्नी-बेटी और दामाद पर हत्या का आरोप

मामले में मृतक के पिता 65 वर्षीय नारायण दत्त पांडे ने दन्या थाने में तहरीर देकर अपने पुत्र चंद्रशेखर पांडे (40) की हत्या का आरोप उसकी पत्नी खष्टी देवी, बेटी जानकी और दामाद धर्मवीर शर्मा पर लगाया है।

तहरीर के अनुसार चंद्रशेखर और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया गया कि चंद्रशेखर शराब का आदी था और नशे की हालत में अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। पत्नी खष्टी देवी अपनी परेशानियों की जानकारी हरियाणा में रहने वाली बेटी जानकी और दामाद धर्मवीर शर्मा को देती रहती थी।

धमकी के बाद हुई वारदात

परिजनों के अनुसार कुछ समय पहले दामाद धर्मवीर शर्मा ने चंद्रशेखर को चेतावनी दी थी कि यदि उसने पत्नी और सास के साथ दुर्व्यवहार बंद नहीं किया तो उसके गंभीर परिणाम होंगे।

आरोप है कि 20 जून की रात धर्मवीर शर्मा और जानकी हरियाणा से सेली गांव पहुंचे। रात में तीनों ने मिलकर चंद्रशेखर पर दराती से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आईं। आरोपी उसे मृत समझकर घटनास्थल से फरार हो गए।

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

अगली सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली। घायल चंद्रशेखर को पहले धौलादेवी अस्पताल और बाद में अल्मोड़ा बेस अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मृतक के पिता और परिवार के अन्य सदस्य हरियाणा में रहते हैं। सूचना मिलने पर वे गांव पहुंचे और अंतिम संस्कार के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

दन्या थाना प्रभारी दिनेश नाथ महंत ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह!

ग्रामीणों के अनुसार चंद्रशेखर का स्वभाव आक्रामक था और वह शराब के नशे में अक्सर घर में विवाद करता था। परिवार के भीतर लंबे समय से तनाव बना हुआ था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

गांव में दहशत का माहौल

सेली गांव के ग्राम प्रधान कैलाश पांडे ने बताया कि इस नृशंस वारदात से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण घटना से स्तब्ध हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *