देहरादून। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जनपद देहरादून के निर्वाचन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में रिटर्निंग ऑफिसर (RO) और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) को निर्देश दिए गए कि वे प्रतिदिन सुबह और शाम पोर्टल पर लॉगिन कर कार्यों की समीक्षा करें तथा अभियान की प्रगति पर लगातार नजर रखें। 18 जून तक पूरा करना होगा शत-प्रतिशत फार्म वितरण अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 18 जून 2026 तक सभी ईएफएस (EFS) फार्मों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्राप्त एवं पूर्ण रूप से भरे गए फार्मों को तत्काल पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए समयबद्ध कार्रवाई और नियमित मॉनिटरिंग बेहद जरूरी है। कम प्रगति वाले क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए गए कि जिन क्षेत्रों में फार्म वितरण और डिजिटाइजेशन की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए। संबंधित आरओ, ईआरओ और बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर कार्यों में तेजी लाई जाए तथा आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाए। हाउसिंग सोसायटियों और कार्यालयों में लगेंगे विशेष शिविर मतदाताओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हाउसिंग सोसायटियों, कार्यालय परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को फार्म भरने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया। देहरादून में अब तक की प्रगति बैठक में बताया गया कि जनपद देहरादून में कुल 13,76,813 मतदाता पंजीकृत हैं। अब तक: 3,27,236 ईएफएस फार्मों का वितरण किया जा चुका है। 16,748 फार्मों का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। वहीं, 10,49,577 फार्मों का वितरण अभी शेष है। 13,60,065 फार्मों का डिजिटाइजेशन किया जाना बाकी है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रतिदिन डिजिटाइजेशन कार्यों को गति देने तथा धीमी प्रगति वाले मतदान केंद्रों की व्यक्तिगत निगरानी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने लिया समीक्षा बैठक में हिस्सा बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, विभिन्न उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी तथा अन्य निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे। जबकि मसूरी के संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए। Post navigation उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी