उत्तराखंड

हाउस टैक्स जमा करना हुआ आसान, अब डिजिटल वॉलेट एप के जरिए कर सकते हैं टैक्स जमा

देहरादून। उत्तराखंड में अब हाउस टैक्स भरना आसान होगा। इसके लिए प्रदेश के शहरी निकायों में विभाग ने हाउस टैक्स जमा करने के लिए डिजिटल वॉयलेट प्लेटफार्म तैयार किया है। प्रदेश में अब हाउस टैक्स डिजिटल वॉलेट प्लेटफार्म के जरिए जमा किया जाएगा।
शहरी विकास विभाग का सॉफ्टवेयर बीबीपीएस (भारत बिल पे सिस्टम) से जुड़ गया है। प्रदेश के शहरी निकायों में पिछले साल से हाउस टैक्स ऑनलाइन लिया जा रहा है। इसके लिए लोगों को विभाग की वेबसाइट पर जाकर, कार्ड के माध्यम से भुगतान करना पड़ता है। शहरी विकास विभाग ने इस कड़ी में एक कदम और बढ़ाते हुए हाउस टैक्स को डिजिटल वॉलेट प्लेटफार्म बीबीपीएस से भी जोड़ दिया है।  इससे लोग सुविधा के अनुसार विभिन्न डिजिटल वॉलेट एप के जरिए टैक्स जमा कर सकते हैं। संयुक्त निदेशक कमलेश मेहता के अनुसार ट्रायल के तौर पर कुछ एप से टैक्स जमा होना प्रारंभ हो गया है। जल्द ही सभी एप पर यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।
विभाग अब निकायों में दाखिल – खारिज भी ऑनलाइन करने जा रहा है। संयुक्त निदेशक कमलेश मेहता के मुताबिक इसके लिए सभी निकायों में कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान कर दिया गया है। एक सितंबर से यह सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है। दूसरे चरण में सब रजिस्ट्रार ऑफिस को भी इससे जोड़ा जाएगा, इससे शहरी क्षेत्र में किसी भी प्रापर्टी का सौदा होते ही उसके दस्तावेज संबंधित निकाय के पास पहुंच जाएंगे। जहां से दाखिल खारिज की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि शहरी विकास विभाग निकायों में विभिन्न तरह की नागरिक सेवाएं भी ऑनलाइन देने का प्रयास कर रहा है। इसके लिए विभाग एनआईसी के माध्यम से वेबसाइट तैयार कर रहा है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *