मुम्बई। प्रसिद्ध अभिनेता एवं रामायण सीरियल में रावण का दमदार रोल निभाने वाले अभिनेता अरविंद त्रिवेदी का मुंबई में 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
अभिनेता अरविंद त्रिवेदी ने रामानंद सागर के बेहद लोकप्रिय पौराणिक सीरियल ‘रामायण’ में रावण का किरदार निभाकर दर्शकों के दिल पर एक अपनी अनोखी छाप बनाई थी।
83 वर्षीय अरविंद त्रिवेदी का मंगलवार (05 अक्टूबर) की रात को हार्ट अटैक के चलते निधन हुआ। बीते लंबे वक्त से अरविंद उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। वहीं वो बीते कुछ वक्त से चलने में भी असमर्थ हो गए थे। अरविंद के निधन की पुष्टि उनके परिजनों ने की है। याद दिला दें कि इससे पहले बीते साल अरविंद के निधन की अफवाह भी उड़ी थी, तब उनके परिजनों सहित रामायण के उनको को स्टार्स ने उन खबरों का खंडन किया था।
बता दें कि अरविंद त्रिवेदी का करियर गुजराती रंगमंच से शुरू हुआ था। अरविंद के भाई गुजराती सिनेमा का एक अच्छा नाम रहे, जिसके चलते अरविंद की शुरुआत भी गुजराती सिनेमा से हुई। लेकिन अरविंद को असली पहचान 1987 में दूरदर्शन पर प्रसारित हुए रामायण से मिली। रामायण में अरविंद ने रावण का किरदार निभाया था। अरविंद ने रावण के किरदार में ऐसी जान फूंकी थी कि दर्शक उन्हें हकीकत में रावण मानने लगे थे।