26 Aug 2025, Tue

भाजपा विधायक हरबंस कपूर को श्रद्धांजलि देने के लिए समर्थकों की उमड़ी भीड़

भाजपा विधायक हरबंस कपूर को मुख्यमंत्री धामी ने दी श्रद्धांजलि

देहरादून। देहरादून के कैंट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हरबंस कपूर के निधन का समाचार मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। धामी ने उनके शोकसंतप्त परिजनों को दुख की घडी में ढांढस बंधाया। उनके निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए धामी ने कहा कि वह राजनीतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा मुखर रहे। उन्होंने कहा कि लगातार आठ बार चुनाव जीतना उनकी लोकप्रियता को साबित करता है।

राज्य सरकार ने कपूर की अंत्येष्टि पुलिस सम्मान के साथ किए जाने तथा सोमवार को देहरादून जिले के सभी सरकारी ​कार्यालय बंद रखे जाने का आदेश दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी कपूर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया । पार्टी के राज्यभर में सोमवार को होने वाले सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।

विधायक हरबंस कपूर के इंदिरा नगर स्थित आवास पर समर्थकों की भीड़ उमड़ी। कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल, गणेश जोशी, विधायक खजान दास समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार कपूर रविवार रात को विवाह समारोह में गए थे। उसके बाद अपने कमरे में आकर सो गए थे। सोमवाार की सुबह जब उन्हें उठाने के लिए पहुंचे तो वह नहीं उठे। इसके बाद डॉक्टर घर पर आए और उन्होंने जांच की। डॉक्टर ने उनके निधन की पुष्टि की।

हरबंस कपूर की बेटी ने बताया कि पिछले तीन दिन से कपूर छाती में भारीपन की शिकायत कर रहे थे। छह साल पहले मेदांता अस्पताल में उनकी ओपन हार्ट सर्जरी हुई थी। उनके बेटे अमित कपूर ने बताया है कि आमतौर पर सुबह उनके पिता 5:30 से छह बजे के बीच उठ जाते थे। लेकिन सोमवार की सुबह वह उन्हें उठाने पहुंचे तो उनका शरीर बिल्कुल भी प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था।

बता दें देहरादून के कैंट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हरबंस कपूर का सोमवार को निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। श्री कपूर की पत्नी जब सुबह उन्हें जगाने गयीं तो वह नहीं उठे। उसके बाद चिकित्सक को बुलाया गया जिसने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आठ बार के विधायक कपूर उत्तराखंड विधानसभा के वरिष्ठतम सदस्य थे। वह 2001.02 में भगत सिंह कोश्यारी मंत्रिमंडल में शहरी विकास मंत्री रहे। कपूर 2007-2012 के दौरान भुवन चंद्र खंडूरी के मुख्यमंत्री रहते हुए राज्य विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे थे। वह 1985 में पहली बार विधानसभा चुनाव हारने के बाद देहरा खास और बाद में देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र से लगातार आठ बार चुनाव ​जीते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *