देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में प्रान्तीय रक्षक दल के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित रैतिक परेड में शामिल होकर रैतिक परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री धामी ने पीआरडी के घोष वाक्य ‘अहमस्मि योधः’ का लोकार्पण किया और पीआरडी स्वयं सेवकों के आश्रितों को सहायता राशि का वितरण भी किया। परेड में पीआरडी जवानों के 8 दस्ते शामिल है। इस दौरान सीएम धामी ने पीआरडी जवानों का हौसला बढ़ाया।

पीआरडी जवानों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आपदा जैसी मुश्किल घड़ी में जवान डट कर सामना करते है। कहा इस हौसले की वजह से हम मिलकर मुश्किल हालात का सामना कर पाते हैं।

वहीं समारोह में मौजूद मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि सीएम पीआरडी जवानों का मार्गदर्शन करते आए। उनका सहयोग हमें सदैव मिलता रहा है

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि पी.आर.डी. स्वयं सेवकों को प्रत्येक 02 वर्ष पर 01 गर्म वर्दी एवं 01 सामान्य वर्दी विभाग द्वारा दी जायेगी। प्रशिक्षण एवं पुर्नप्रशिक्षण के समय दी जानी वाली वर्दी की दर भी ₹1500 से बढ़ाकर ₹2500 की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी पंजीकृत डयूटी पर तैनात पी.आर.डी. स्वयं सेवकों को होमगार्ड स्वयं सेवकों की भांति ₹200/माह ड्यूटी दिवस के अनुमानित में धुलाई भत्ता दिया जायेगा।

उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर तैनात ब्लाक कमाण्डर एवं न्याय पंचायत स्तर पर तैनात हलका सरदार का मासिक मानदेय क्रमशः ₹600 एवं ₹300 से बढ़ाकर प्रतिमाह ₹1000 एवं ₹500 किया जायेगा। आपदा बचाव कार्य में तैनात पी.आर.डी. स्वयं सेवकों को ₹50/दिन की दर से अतिरिक्त मानदेय दिया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवक अपनी निरंतर सेवा और समर्पण भाव से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहयोग कर रहे हैं। सामाजिक सुरक्षा कार्य, आपदा प्रबंधन और यातायात व्यवस्था में पीआरडी द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है।

सीएम ने कहा कि प्रान्तीय रक्षक दल कल्याण कोष संशोधित नियमावली अगस्त 2023 में प्रख्यापित की गई है। जिसमें आर्थिक सहायता की धनराशि में वृद्धि करते हुए साम्प्रदायिक दंगो के दौरान ड्यूटी पर मृत्यु की दशा में देय एक लाख रुपए को बढ़ाकर 02 लाख किया गया है। इसके साथ ही अति संवेदनशील ड्यूटी में मृत्यु की दशा में देय 75 हजार रुपए को बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपए किया गया है। सामान्य ड्यूटी के दौरान मृत्यु की दशा में देय 50 हजार को बढ़ाकर एक लाख रुपए किया गया है। प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान के लिए भी संबंधित अधिकारी की संस्तुति पर अधिकतम 50 हजार रुपए का प्राविधान किया गया है, जिससे सीधे तौर पर पीआरडी जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने भी विचार रखे। इस अवसर पर विधायक श्री उमेश शर्मा ‘काऊ’ विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण श्री अमित सिन्हा, निदेशक युवा कल्याण श्री जितेन्द्र सोनकर, अपर निदेशक श्री राकेश डिमरी, संयुक्त निदेशक श्री अजय अग्रवाल, श्री शक्ति सिंह, श्री सर्वेंद्र जयराज, श्री नीरज गुप्ता एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *