नई दिल्ली (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि देश को अपनी विरासत से जुड़े रहते हुए आधुनिकता को अपननाना है। सभी राज्यों को चाहिए कि वह अपनी शक्ति को पहचाने और उसे देश व दुनिया तक इसे पहुंचाने का प्रयास करें।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां नवनिर्मित ‘गरवी गुजरात भवन’ का उदघाटन करने के बाद दिल्ली के विज्ञान भवन में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हमें अपनी जड़ों से भी जुड़े रहना है और आसमान भी छूना है।’’
मोदी ने कहा कि भारत के अलग-अलग राज्यों की सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक ताकत ही उसे महान बनाती और ताकतवर बनाती है। लिहाजा देश के हर हिस्से, हर राज्य की ताकत को शक्तियों को पहचानकर हमें आगे बढ़ाना है। उनको राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर दिलाना है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर और लेह-लद्दाख से लेकर नॉर्थ ईस्ट तक, विंध्य के आदिवासी अंचलों से लेकर साउथ के समुद्री विस्तार तक, हमारे पास देश के साथ शेयर करने और दुनिया को ऑफर करने के लिए बहुत कुछ है। अब हमें इसको प्रमोट करने के लिए अपनी सक्रियता बढ़ानी होगी।
उन्होंने कहा कि इसमें राज्यों के दिल्ली स्थित भवन निवेश व पर्यटन से जुड़ी सुविधाएं मुहैया कराते हुए महत्ती भूमिका निभा सकते हैं। राज्यों के दिल्ली में भवन महज गेस्ट हाउस बनकर न रह जाएं, इस बारे में ध्यान देना चाहिए। यह भवन राज्यों के दिल्ली में ब्रांड प्रतिनिधि बनकर देश और दुनिया से संवाद का माध्यम बन सकते हैं। यह व्यापार और पर्यटन के केन्द्र के तौर पर काम कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत के कई राज्य दूरदराज स्थित हैं। ऐसे में उनके भवन वित्त, वाणिज्य, कला और पर्यटन के केन्द्र बन सकते हैं। राज्यों के पास दुनिया को देने के लिए बहुत कुछ है और इन भवनों वह सभी सुविधा होनी चाहिए जो पर्यटन और निवेश से जुड़े सभी प्रश्नों का उत्तर दे सकें।
प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात ने इस दिशा में पहल करते हुए अपने नए सदन में गुजरात में निवेश आकर्षित करने, उद्योग लगाने और एक अहम केन्द्र बनने के लिए नई व्यवस्थाएं की हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन सुविधाओं से गुजरात में निवेश के इच्छुक भारतीय और विदेशी निवेशकों को अधिक सुविधा मिलेंगी। उन्हें खुशी है कि समय पर प्रोजेक्ट पूरा करने की आदत सरकारी संस्थाओं और सरकारी एजेंसियों में विकसित हो रही है। वह जब गुजरात में थे तो डंके की चोट पर कहते थे कि जिसका शिलान्यास वह करते हैं, उसका उद्घाटन भी वह ही करते हैं।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने एकल प्रयोग प्लास्टिक को रोकने का आहवान किया और कहा कि गरवी गुजरात भवन इसमें अहम भूमिका निभायेगा। इसके अलावा उन्होंने गुजरात के नर्मदा डैम का जिक्र करते हुए कहा कि हर घर जल पहुंचाने के लिए इसी तरह की परियोजनाओं को महत्व देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नर्मदा डैम को लेकर केन्द्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से कई अड़चने दूर हुई हैं।
उन्होंने कहा कि गुजरात हमेशा से विकास और उद्यम को महत्व देता आया है। भारत के अलग-अलग राज्यों की सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक ताकत ही उसे महान बनाती और ताकतवर बनाती है। देश के हर राज्य की ताकत को, शक्तियों को पहचानकर हमें आगे बढ़ाना है। इसी सांझा ताकत से हम उन संकल्पों को सिद्ध कर पाएंगे जो आने वाले पांच वर्षों में तय किए गए हैं।
मोदी ने सोमवार को ‘गरवी गुजरात भवन’ का उद्धाटन किया। इस अवसर पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल, गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मोदी ने कहा कि सदन भले ही मिनी गुजरात का मॉडल हो, लेकिन ये न्यू इंडिया की उस सोच का भी प्रत्यक्ष प्रमाण है, जिसमें हम अपनी सांस्कृतिक विरासत को, हमारी परंपराओं को आधुनिकता से जोड़कर आगे बढ़ने की बात करते हैं। गुजरात ने विकास को परिश्रम को हमेशा महत्व दिया है। विकास के लिए गुजरात की ललक को करीब डेढ़ दशक तक मुख्यमंत्री के नाते उन्होंने बहुत करीब से देखी है। 5 वर्षों से उन्होंने देखा है कि गुजरात ने विकास के अपने सफर को और तेज़ किया है। पहले आनंदी बेन पटेल ने गुजरात को नई ऊर्जा, नया सामर्थ दिया और बाद में विजय रूपाणी ने नई बुलंदियों को छूने के लिए अनेक प्रयास किए। हाल के वर्षों में गुजरात की विकास दर 10 प्रतिशत अधिक रही है।
गरवी गुजरात भवन का निर्माण 131 करोड़ की राशि से हुआ है। 25बी अकबर रोड स्थित इस इमारत का निर्माण अत्याधुनिक तरीके से किया गया है। इस आधुनिक भवन में इको-फ्रेंडली सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है। लगभग सात हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में बने इस भवन में 79 कमरों के साथ वीआइपी लाउंज, पब्लिक लाउंज और एक बड़ा हॉल है। इस हाल में एक साथ तकरीबन दो हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था लोगों के बैठने की व्यवस्था है।
इस इमारत की नींव गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने 25 सितंबर 2017 को रखी थी। राष्ट्रीय राजधानी में कौटिस्य मार्ग स्थित पुराने गुजरात भवन के साथ ही अकबर रोड स्थित यह शानदार इमारत दूसरा गुजरात भवन होगा।
हिन्दुस्थान समाचार