देश-विदेश

गूगल ने लांच की कई नई सर्विसेज, कारोबारियों के लिए आया गूगल पे

नई दिल्ली (हि.स.)। गूगल फॉर इंडिया इवेंट में गूगल ने गुरुवार को कई सर्विसेज लॉन्‍च की। गूगल के ये प्रोडक्‍ट खासतौर पर भारत को ध्‍यान में रखकर बनाए गए हैं। इसमें डिजिटल पेमेंट, वॉयस असिस्‍टेंट, कारोबारियों के लिए टूल और जॉब खोजने में मदद के लिए भी टूल्‍स लॉन्‍च किए।

गूगल का यह पांचवा गूगल फॉर इंडिया इवेंट था। इस कार्यक्रम में शामिल आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि गूगल को भारत में एक ट्रिलियन डॉलर की डिजिटल इकोनॉमी बनाने में योगदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गूगल को अपने प्रोडक्ट भारत में बनाकर बाहर एक्सपोर्ट करना चाहिए।
कारोबारियों के लिए गूगल ने बिजनेस गूगल पे लॉन्‍च किया है। इसको प्‍ले स्‍टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। यह किसी भी यूपीआई ऐप पर काम करेगा। गौरतलब है कि गूगल पे के भारत में 6.7 करोड़ यूजर्स हैं। साथ ही छोटे दुकानदारों की मदद के लिए गूगल स्पाट प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इसको गूगल पे के जरिए लॉन्च किया गया है। इसमें स्पॉट कोड की मदद से आप वेबसाइट देख सकेंगे।
गूगल पे प्लेटफॉर्म पर गूगल ने टोकनाइज्ड कार्ड की शुरुआत की है। इसमें आपके कार्ड का वर्चुअल नंबर होगा। इसके जरिए आप आप सिर्फ स्कैन कर और एनएफसी के जरिए पेमेंट कर सकेंगे। यहां पर आपको  2 हजार रुपये तक के पेमेंट के लिए पासवर्ड भी नहीं देना होगा। गूगल पे प्लेटफॉर्म पर गूगल ने जॉब्स स्पॉट नाम का टूल भी लॉन्च किया है। इसके जरिए रिटेल, हॉस्पिटालिटी जैसी इंडस्ट्री में शुरुआती स्‍तर (इंट्री लेवल) की नौकरी  भी खोजी जा सकेंगी। इसके साथ ही गूगल असिसटेंट में भी बहुत सारी सुविधाएं दी गई है। इसमें हिंदी को अंग्रेजी में और अंग्रेजी को हिंदी में बोलकर बदला जा सकेगा। इसका मतलब ये हुआ कि आप हिंदी में कुछ बोलेंगे तो गूगल उसका अनुवाद अंग्रेजी में कर देगा। गूगल असिसटेंट आपसे हिंदी में भी बात करेगा। गूगल असिसटेंट पर हिंदी पूरे विश्व में उपयोग की जाने वाली भाषा बन गई है।
गूगल लेंस के जरिए अब हिंदी शब्द खोजे जा सकते हैं। ये उन्हें पढ़कर सुनाएगा। गूगल ने बच्चों के लिए बोलो ऐप लॉन्च किया था, जिसके जरिए बच्चे अपना ज्ञान बढ़ा सकते हैं। अग इसमें कुछ और भाषाएं जोड़ी गई हैं।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *