हल्द्वानी। दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत नया सियासी दांव खेला है।उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार दौरे पर आए दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आज घोषणा कि यदि प्रदेश में आम आदमी की सरकार बनती है तो हर घर को रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बेरोजगार युवकों को 5000 रुपये बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। उत्तराखंड में सरकार बनते ही छह महीने के अंदर एक लाख बेरोजगारों को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को हल्द्वानी में अपने दौरे के दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि राज्य में रोजगार बढ़ाया जाएगा। यहां रोजगार बढ़ाने के लिए सभी कदम उठाए जाएंगे।
अरविंद केजरीवाल ने युवाओं को रोजगार देने के लिए छह बड़ी घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सरकार आने पर छह माह में एक लाख नौकरी दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी क्षेत्र में 80 प्रतिशत नौकरियां उत्तराखंड के युवाओं के लिए आरक्षित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि आप की सरकार बनने के बाद उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। रोजगार न मिलने तक हर परिवार से एक युवा पांच हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। सरकारी और प्राइवेट संस्थानों में उत्तराखंड के 80 प्रतिशत युवाओं को रोजगार दिए जाएंगे।
उत्तराखंड के युवाओं के लिए जॉब पोर्टल तैयार किया जाएगा। उत्तराखंड में रोजगार और पलायन मंत्रालय बनाया जाएगा। अपने संबोधन के बाद अरविंद केजरीवाल तिरंगा संकल्प यात्रा में शामिल हुए। संकल्प यात्रा में आप कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ दिखाई दी। इस दौरान जोरदार नारेबाजी भी हुई। फूलों की बौछार और आतिशबाजी से उनका स्वागत किया गया।
इसके साथ ही अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी पांच साल का स्थाई मुख्यमंत्री देगी। दूसरे दलों में जो अच्छे लोग हैं उनका स्वागत है। बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज रविवार को उत्तराखंड के एक दिनी दौरे पर हैं।