उत्तराखंड

विजिलेंस की बड़ी कार्रवाईः रिश्वत लेते ऊर्जा निगम के एसडीओ को रंगे हाथ दबोचा

हरिद्वार। हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में विजिलेंस टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 हजार की रिश्वत लेते ऊर्जा निगम के एसडीओ को रंगे हाथ दबोचा है।आरोपी एसडीओ कनेक्शन के लिए चार महीने से पीड़ित को चक्कर कटा रहा था। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस ने बंद कमरे में घंटों तक एसडीओ से पूछताछ की। इस कार्रवाई से ऊर्जा निगम में हड़कंप मचा रहा।
पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान मुख्यालय धीरेंद्र गुंज्याल के मुताबिक जगजीतपुर के राजा गार्डन से भाजपा पार्षद लोकेश पाल के भाई महेश पाल ने खोखरा तिराहा के पास नया मकान बनाया है। मकान में बिजली का कनेक्शन लेने के लिए उन्होंने चार महीने पहले ऑनलाइन आवेदन किया था लेकिन एसडीओ संदीप शर्मा कभी निरीक्षण तो कभी निचले कर्मचारियों की रिपोर्ट का बहाना बनाते हुए टाल मटोल कर रहा था। एसडीओ ने कनेक्शन की एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। पीड़ित ने इसकी सूचना विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर दी। इस पर विजिलेंस ने एसडीओ को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार शनिवार दोपहर महेश पाल पैसे लेकर पहुंचा। जैसे ही एसडीओ ने रकम पकड़ी, विजिलेंस ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया।
 विजिलेंस टीम ने घंटों तक पूछताछ करने के साथ ही दफ्तर में फाइलें खंगाली। बाद में टीम एसडीओ को देहरादून लेकर रवाना हो गई।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *