14 Mar 2025, Fri

नए अध्यादेश के अनुसार अब किसान कहीं भी अपने उत्पाद बेच सकते, भाजपा ने किया स्वागत

देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री बंशीधर भगत ने केंद्रीय कैबिनेट द्वारा आज किसानों के हित में लिए गए निर्णय को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि वास्तविक अर्थों में किसान को आज आजादी मिली है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट द्वारा आज किसानों व कृषि विकास के दृष्टिगत 3 अध्यादेश लाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा विगत दिवस आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत कृषि क्षेत्र के लिए जो घोषणाएं की गई थी, इन अध्यादेशों के आने के बाद वे धरातल पर मूर्त रूप लेंगी। उन्होंने कहा कि किसानों की 50 साल पुरानी मांग थी कि उन्हें अपने उत्पादों को मुक्त रूप से बेचने का अधिकार दिया जाए। मगर कृषि उत्पाद विपणन समिति (एपीएमसी) एक्ट के कारण किसान मंडियों अथवा सरकार द्वारा निर्धारित संस्थाओं को ही अपना उत्पाद बेच सकते थे।

श्री भगत ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के लिए यह बाध्यता समाप्त कर वन नेशन-वन मार्केट की अवधारणा को जन्म दिया है और किसान कहीं भी और किसी को भी अपने उत्पाद बेच सकते हैं। किसान को खरीद केंद्र पर जाने की आवश्यकता नहीं है। किसान अपने घर से भी उत्पाद बेच सकता है। किसानों को लाभकारी मूल्य मिलेंगे और उनका आर्थिक स्तर बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *