टिहरी। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध टिहरी झील पर बने देश के सबसे लंबे डोबरा-चांठी मोटरेबल झूला पुल का रविवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उद्घाटन किया।
बता देंं टिहरी जिले में बना यह देश का सबसे लंबा सस्पेंशन ब्रिज है। इस पुल से टिहरी जिले के प्रतापनगर क्षेत्र की करीब ढाई लाख की जनता आबादी को लाभ मिलेगा। डोबरा-चांठी पुल देश का पहला ऐसा झूला पुल है, जिसकी लंबाई 725 मीटर है और जो भारी वाहन चलाने लायक बना है। यह पुल समुद्रतल से 850 मीटर की ऊंचाई पर बना है। इसके बनने के बाद भी टिहरी झील को अधिकतम आरएल 830 मीटर तक भरा जा सकता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों ने इसके लिए लंबे समय तक इंतजार किया। राज्य स्थापना दिवस पर ये उनके लिए सौगात है। अब लोगों को टिहरी जाने के लिए लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा। इस पुल को आकर्षक भी बनाया गया है। जिससे ये पर्यटन का केंद्र भी बनेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की तकलीफ समझते हुए सरकार ने इस पुल को अपनी प्राथमिकताओं में रखा और इस पुल के निर्माण में आ रही धन की कमी को दूर करते हुए एक साथ 88 करोड़ रुपए स्वीकृत किए। अब प्रताप नगर की जनता सीधे कम समय में जिला मुख्यालय आ जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विकास का बड़ा द्वार है। भविष्य में यह स्थान पर्यटन के क्षेत्र में देश-दुनिया में जाना जाएगा और स्थालीय लोगों के लिए रोजगार का केंद्र भी बनेगा। मुझे इसका लोकार्पण करते हुए बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने डोबरा-चांठी पुल के बनकर तैयार होने पर खुशी जाहिर की।