देहरादून। चार धाम यात्रा इस वर्ष रिकॉर्ड बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। यात्रा शुरू होने के महज 25 दिनों के भीतर ही श्रद्धालुओं की संख्या 12.60 लाख के पार पहुंच चुकी है। बुधवार को अकेले एक दिन में करीब 80 हजार श्रद्धालुओं ने चारों धामों में दर्शन किए, जिससे यात्रा को लेकर लोगों की आस्था और उत्साह साफ दिखाई दे रहा है।

चारधाम यात्रा के अंतर्गत केदारनाथ मंदिर, बदरीनाथ मंदित, गंगोत्री मंदिर एवं यमुनोत्री मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इनमें सबसे अधिक आकर्षण केदारनाथ धाम को लेकर देखा जा रहा है। केदारनाथ यात्रा शुरू होने के 22 दिनों के भीतर ही यहां 5.23 लाख से अधिक तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।

केदारनाथ में बढ़ा श्रद्धालुओं का उत्साह

हिमालय की गोद में बसे केदारनाथ धाम तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को कठिन पैदल मार्ग तय करना पड़ता है, इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा यात्रा मार्ग में किए गए सुधारों, बेहतर व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों के चलते श्रद्धालुओं की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम हुई है।

केदारनाथ धाम में हुए पुनर्निर्माण कार्यों के बाद मंदिर परिसर का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। आधुनिक सुविधाओं, विस्तृत मार्गों और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं ने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया है। धाम अब दिव्यता और भव्यता का अद्भुत संगम बनकर उभरा है।

मौसम पर सरकार की विशेष नजर

चारधाम यात्रा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में संचालित होती है, जहां मौसम पल-पल बदलता रहता है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने मौसम की निगरानी के लिए विशेष तंत्र विकसित किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खराब मौसम की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान से जुड़ी महत्वपूर्ण परंपरा है। उन्होंने अधिकारियों को हर स्तर पर सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी बनाए रखने को कहा है।

भीड़ नियंत्रण और डिजिटल मॉनिटरिंग पर जोर

यात्रा में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने स्लॉट प्रबंधन प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया है। श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करने और दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है।

इसके अलावा यात्रा मार्गों, पार्किंग स्थलों, हेल्थ कैंपों और पड़ाव स्थलों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक टीमें लगातार तैनात हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा का दावा

सरकार का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरसंभव कदम उठाए गए हैं। पैदल यात्रा मार्गों की मरम्मत, चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार, पेयजल और विश्राम स्थलों की व्यवस्था के साथ-साथ आपदा प्रबंधन टीमों को भी सक्रिय रखा गया है। यात्रा में उमड़ रही रिकॉर्ड भीड़ यह संकेत दे रही है कि इस बार चारधाम यात्रा पिछले वर्षों के आंकड़ों को पीछे छोड़ सकती है। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed