27 Apr 2025, Sun

भागीरथी नदी का जल स्तर बढ़ा, आश्रम में घुसा पानी

उत्तराकाशी। उत्तराखण्ड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण उत्तरकाशी जनपद के भागीरथी नदी का जल स्तर बढ़ गया है। गंगोत्री धाम में भागीरथी नदी का जल शिवानन्द कुटीर आश्रम में घुस गया तथा जल के तेज बहाव में आश्रम का गेट बह गया है। आश्रम की सुरक्षा दीवर के टूटने से आश्रम में जल भराव हो गया। आश्रम में रहने वाले साधु संत और मजदूरों की जान पर बन आई।

सूचना पर पुलिस व एसडीआरएफ जवानों द्वारा आश्रम के पीछे पहाड़ी से आश्रम में घुस कर दस साधु संतों व मजदूरों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान गंगोत्री मन्दिर प्रांगण में पहुंचाया गया। यमुनोत्री धाम के प्रमुख पड़ाव जानकीचट्टी में यमुना नदी तटीय क्षेत्र में कटाव थमने का नाम नहीं ले रहा है। आधा दर्जन पक्के होटल सहित डेढ़ दर्जन ढाबे, कच्चे खोके खतरे की जद में आ गए हैं। यमुना नदी से सड़क कटाव होने से जानकीचट्टी में यमुनोत्री की ओर दो दर्जन से अधिक छोटे बड़े वाहन फंसे हैं।

दूसरे दिन भी सुरक्षा इंतजाम न होने पर लोगों में नाराजगी है। मौसम के रुख को देखते हुए दहशत भी। वहीं गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सुनगर के पास लगातार पत्थर आने के कारण मार्ग बाधित है। बीआरओ के द्वारा उक्त स्थान पर जेसीबी मशीन तैनात है। पत्थर रुकने पर मार्ग यातायात के लिए सुचारू किया जाएगा।
गंगोत्री धाम में लगातार भागीरथी गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। दोपहर एक बजे तक सभी घाट और गंगा आरती जल स्थल जलमग्न हो गए हैं। वहीं नदी के दूसरी ओर सटे आश्रमों सहित आवासीय भवनों के लिए खतरा बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *