देहरादून। आम नागरिक को जागरुक बनकर अपने अधिकारों के लिए लड़ना चाहिए। यह जागरुक नागरिक की पहचान है। विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस पर दिशा सामाजिक संस्था ने आम लोगों को जागरुक किया। गोष्ठी का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम रविवार को चकराता रोड स्थित संस्था के कार्यालय में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय उत्तराखंड पार्टी के अध्यक्ष नवनीत गुसाई ने कहा कि जनता को जागरुक होने की आवश्यकता है। उन्हें अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए। यदि किसी भी उपभोक्ता को अपनी जेब से खर्च की गई धनराशि से खरीदे गए सामान से शिकायत है तो वह तत्काल उपभोक्ता फोरम में अपनी शिकायत दर्ज कर सकता है। यह फोरम जनता की शिकायत का निवारण करने के लिए ही बना है।
कहा कि घटिया सामग्री की शिकायत करना अनिवार्य है। इससे पहले गोष्ठी की अध्यक्षता संस्था के उपाध्यक्ष प्रभात डंडरियाल ने की। जबकि संचालन सुशील विरमानी ने किया। गोष्ठी में अनुज गुप्ता, बृजमोहन विजन, हरजीत सिंह, प्रदीप कुकरेती, अनूप नौटियाल, पंकज नेगी आदि शामिल रहे।